ज्वेलरी वैध होने पर सर्राफा व्यवसायियों को निकट भविष्य में परेशानी नहीं होने दी जाएगी - डॉ. एम.के. अग्रवाल

ग्वालियर। मुरैना जिले की सीमा पर सर्राफा व्यवसायियों की वैध ज्वेलरी जप्त किए जाने के विरोध में म.प्र. चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री के अध्यक्ष विजय गोयल, उपाध्यक्ष पारस जैन, मानसेवी सचिव डॉ. प्रवीण अग्रवाल, मानसेवी संयुक्त सचिव ब्रजेश गोयल ने आज चम्बल संभाग कमिश्‍नर डॉ. एम.के. अग्रवाल से उनके मुरैना स्थित कार्यालय में मुलाकात कर उन्हें व्यापारियों की समस्या से अवगत कराया और एक ज्ञापन भी सौंपा। पदाधिकारियों ने संभागायुक्त को सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया है कि आदर्श आचार संहिता के दौरान प्रशासन द्बारा चम्बल संभाग के सभी जिलों की सीमा पर वाहनों की जांच की जा रही है, ताकि निर्वाचन में कालाधन का इस्तेमाल न हो और निर्वाचन निष्पक्ष रूप से सम्पन्न कराए जा सकें। प्रशासन की इस कार्यवाही में हम सभी व्यापारी सहयोग के लिए हमेशा तत्पर हैं लेकिन सर्राफा व्यापारियों की पीड़ा यह है कि मुरैना जिले की सीमा पर स्थित अल्लाबेली चौकी पर ग्वालियर आने वाले वाले व्यापारियों की जो ज्वेलरी जप्त की जा रही है, वह पूरी तरह से वैध होकर ब्राण्डेड ज्वेलरी है और उसके साथ बिल, बिल्टी व सभी वैधानिक दस्तावेज साथ होते हैं। बावजूद इसके आचार संहिता के नियमों की आड़ में अधिकारियों द्बारा मनमानी कार्यवाही की जा रही है और दस्तावेजों को अनदेखा कर जबरिया जप्ती की कार्यवाही को अंजाम दिया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारी यदि चाहें तो जहां से माल आ रहा है, वहां मोबाइल से सम्पर्क कर ग्वालियर लाई जा रही ज्वेलरी की जांच-पड़ताल कर सकते हैं। परंतु ऐसा न करते हुए मनमाना रवैया अपनाते हुए माल जप्त कर आयकर विभाग को प्रकरण सौंप दिया जाता है। जिससे व्यापारी को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्योंकि आयकर विभाग की जप्त माल को वापिस करने की एक निर्धारित प्रक्रिया है जिसके चलते सर्राफा व्यापारियों को उनकी ज्वेलरी मिलने में काफी वक्त लगता है। ऐसी स्थिति में व्यापारियों में आक्रोश भी है और हताशा भी। क्योंकि एक जिलाधीश स्तर का अधिकारी इन सारे कागजात जो कि वैधानिक प्रमाण हैं, उनको नकार रहा है, तब यह बात समझ से परे है कि निर्वाचन के दौरान कौन से ऐसे कागजात लेकर चला जाये, जिसे प्रशासनिक अधिकारी मान्यता प्रदान करें। ऐसी कार्यवाहियों से प्रतीत होता है कि यह कार्यवाही मात्र अपने नंबर बढाने, वाहवाही लूटने के लिए की जा रही है। प्रशासन की इस कार्यवाही से व्यापारी आक्रोशित हैं और आंदोलन करने के साथ ही लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने का भी मन बना रहे हैं। चेम्बर पदाधिकारियों ने ज्ञापन में मांग की है कि चम्बल संभाग के समस्त कलेक्टर्स को निर्देशित किया जाए कि सर्राफा व्यापारियों की ज्वेलरी को जप्त करने से पूर्व दस्तावेजों का उचित अवलोकन किया जाए और ज्वेलरी जहां से आ रही है उस स्थान पर मोबाइल से सम्पर्क कर, पुष्टि की जाए। साथ ही समस्त औपचारिकताएं पूर्ण होने पर ज्वेलरी को तत्काल व्यापारियों के सुपुर्द किया जाए। चेम्बर पदाधिकारियों द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार चंबल संभाग कमिश्‍नर डॉ. एम.के. अग्रवाल ने कहा है कि प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आगामी आयोजित बैठक में ही हम इस विषय पर चर्चा करेंगे और अधिकारियों को निर्देशित करने के साथ ही यह सुनिश्‍चित करेंगे कि व्यापारियों को जो परेशानी अब तक हुई है वह आगे न हो। हमारी मंशा व्यापारियों को परेशान करने की नहीं है और निकट भविष्य में सर्राफा कारोबारियों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।