धूमधाम से निकली श्रीराम-हनुमान रथयात्रा, स्वागत में उमड़ा जनसैलाब, हनुमान जी बने कलाकारों पर जगह-जगह हुई पुष्पवर्षा
ग्वालियर। जय बजरंग बली, जय-जय हनुमान, जय हो बालाजी सरकार की यह जयघोष कोटेश्वर मंदिर से मनोरंजनालय तक आज सांय सुनाई दे रहा था। अवसर पर संकटमोचन मंदिर के तत्वावधान में निकाली गई श्रीराम-हनुमान रथ यात्रा का। इसमें हनुमान बने कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की गई लीला से हनुमानभक्त भाव-विभोर हो रहे गए। कोटैश्वर मंदिर से सायं 5 बजे शुरू हुई राम-हनुमान रथयात्रा घासमंडी, किलागेट, हजीरा, चार शहर का नाका होते हुए मनोरंजनालय पहुंची। यात्रा में भक्तों का सैलाब उमड़ रहा था। जगह-जगह हनुमान बने कलाकारों सहित सभी भक्तों का लोगों भव्य स्वागत सत्कार किया। इस दौरान लोग अपने घरों की छतों से पुष्पवर्षा कर रहे थे। इसके साथ ही लोगों को खाने-पीने की सामग्री का वितरण किया जा रहा था। इस यात्रा में कई कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। रथ यात्रा में हनुमान बने बाल कलाकार आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे। इससे पहले सुबह 4 बजे बालाजी सरकार के चरणसेवक जगवीर सिंह तोमर ने बालाजी बाबा का पंचाम्रत अभिषेक एवं चोला-श्रंगार किया। यात्रा के समापन के बाद रात 10 बजे हवन यज्ञ का आयोजन हुआ। 20 अप्रैल को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति के सदस्य जयराम सिंह यादव, केके अग्रवाल, किशन सिंह तोमर, दीपक श्रीवास्तव, चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव एवं श्रीमती रीना तोमर ने कहा कि जिस तरह राम-हनुमान रथयात्रा में भारी संख्या शहरवासियों ने भाग लिया है उससे प्रभु बालाजी सरकार जरूर प्रसन्न होंगे और अपना आशीर्वाद प्रदान करेंगे।
बालाजी सरकार के चरणसेवक श्री जगवीर सिंह तोमर ने कहा कि हनुमत जन्मोत्सव मनाने के पीछे उनका उदद़ेश्य है कि हर नागरिक के चेहरे पर हंसी दिखे एवं सभी की जिंदगी खुशहाल हो। उन्हें उम्मीद ही नहीं पूरा विश्वास है कि बालाजी सरकार हमें यह आर्शीवाद जरूर देंगे। उल्लेखनीय है कि पिछले साल बारिश की कमी से जूझ रहे शहरवासियों की परेशानी को दूर करने के लिए 31 दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इससे खुश होकर प्रभु बालाजी सरकार ने भरपूर बारिश कराकर अपना आशीर्वाद प्रदान किया था। आयोजन में हनुमत जन्मोत्सव समिति के जयराम सिंह यादव, केके अग्रवाल, किशन सिंह तोमर, दीपक श्रीवास्तव, चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, सुरेश गोयल, अमर सिंह तोमर, समर सिंह तोमर, पार्थ अग्रवाल, अंकित अग्रवाल की विशेष भूमिका रही। सभी ने बाबा बालाजी सरकार के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित भंडारे में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया है।