अगर माल नंबर दो का दबा हो और आयकर विभाग कार्यवाही करे, इसमें राजनीति क्या करेगी - नरेंद्र सिंह तोमर
ग्वालियर। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने इंदौर में सीएम कमलनाथ के निजी सचिव प्रवीण कक्कड़ के आवास पर आईटी डिपार्टमेंट द्वारा की गई रेड पर हो रही राजनीति को लेकर चुटकी ली है। केंद्रीय मंत्री ने रेड पर राजनीति करने वालों से सवाल किया है "अगर माल नंबर दो का दबा हो और आयकर विभाग कार्यवाही करें, इसमें राजनीति क्या करेगी"। उन्हौने यह बात ग्वालियर प्रवास के दौरान बीजेपी के संभागीय दफ्तर में आयोजित विधि प्रकोष्ठ की कार्यशाला के उपरांत पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही। मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने केंद्र सरकार पर लगाये जा रहे आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा अगर माल नंबर दो का दबा हो और आयकर विभाग कार्यवाही करे, इसमें राजनीति क्या करेगी। आगे उन्होंने कहा कि आयकर विभाग का काम है अपने हिसाब से कार्यवाही करना, तो विभाग को कार्यवाही करने देना चाहिए। एक अन्य सवाल के जबाब में नरेंद्र सिंह तोमर ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी से सही भाषा बोलने की उम्मीद नहीं की जा सकती। उनको प्रोफेसर जो लिखकर दे देते हैं वह वही बोलते हैं। राहुल गांधी से ना तो अच्छी भाषा की उम्मीद की जा सकती है और ना ही अच्छे काम की ही उम्मीद की जा सकती है। आगे केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ऐसे लोगों के हाथ में देश असुरक्षित रहेगा। इसीलिए पूरा देश मोदी-मोदी कर रहा है और मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाएगा।