कृषि विभाग द्वारा किसानों को सलाह
ग्वालियर। कृषि विभाग द्वारा रबी एवं ग्रीष्मकालीन फसलों के संबंध में किसान भाईयों को सलाह दी गई है कि गेहूँ की फसल पकते ही अर्थात जब पत्तियां और तना सूखा दिखाई देने लगे, दानों में नमी 20 से 25 प्रतिशत हो तो कटाई करें। कटाई के उपरांत गेहूँ को बण्डल बनाकर तीन-चार दिन तक धूप में सुखाकर गहाई एवं थ्रेसिंग करें।
उपसंचालक कृषि कल्याण तथा कृषि विकास विभाग श्री आनंद बडोनिया ने किसान भाईयों से यह भी आग्रह किया है कि चना, मसूर, मटर – भण्डारण के पूर्व फसल के दानों से कटे हरे निम्न आकार के दानों को अलग कर देना चाहिए व दानों में 10 प्रतिशत से अधिक नमी न हो। जिसमें कीटों से सुरक्षा मिलती है। भण्डारण के दौरान दानों को अधिक नमी से बचाना चाहिए। भण्डारण गृहों में प्राथमिक उपचार के रूप में मैलाथियॉन 50 प्रतिशत ईसी का छिड़काव अवश्य करें।
गन्ने की बसंत कालीन फसल बुवाई करें। क्षेत्र विशेष के अनुसार उचित किस्म का चयन करें व बुवाई से पूर्व गन्ने के टुकड़ों को कार्बेन्डाजिम (एक ग्रा./ली. पानी) के घोल में डुबाकर उपचारित करें।
ग्रीष्मकालीन अवस्था में तापमान के अनुसार फसल को 10 – 15 दिन के अंतराल पर उपलब्धता के अनुसार सिंचाई करें।
चोटी भेदक (टॉप शूट बोरर) के प्रौढ कीट (सफेद तितली) को नष्ट करने के लिए खेत में फोरोमीन ट्रेप समान दूरी पर (25 ट्रेप/हैक्टेयर) लगायें। तितली दिखाई देने के लिए एक सप्ताह बाद पत्तियों के पृष्ठ भाग पर पाए जाने वाले नारंगी/भूरे रंग के अंडों के समूह को नष्ट करें।
मूंग उड़द – जिन किसान भाईयों ने मूंग व उड़द की बुवाई नहीं की है। वह शीघ्र बुवाई करें। बुवाई पूर्व बीजोपचार 2 ग्राम थायरम व एक ग्राम कार्बनडाजिम प्रति किग्रा. बीज के हिसाब से जरूर करें। इसके उपरांत राइजोबीयम व पीएसबी कल्चर से उपचार करें। मूंग व उड़द में पीला रंग निरोधक जातियों (मूंग-पीडीएम-139, विराट आईपीएम 205-07) शिक्षा आईपीएम 410-03 व उड़द पंत उर्द – 31 का उपयोग करें।
फसल गहाई के उपरांत उत्पाद को उचित नमी तक धूप में सुखाएं। तत्पश्चात भण्डार गृह को साफ करके उसमें भण्डारित करें। फसल कटाई उपरांत खेत में उचित नमी हो तो जुताई करें। गेहूँ की कटाई के उपरांत नरवाई न जलाएं।