यूनिवर्सिटी के आईटी सेंटर में लगी आग, महत्वपूर्ण दस्तावेज जलने की आशंका
ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय में आज उस वक्त हड़कंप मच गया। जब प्रशासनिक भवन स्थित आईटी सेंटर में से अचानक धुंआ उठने लगा। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आग लगने से कमरे में रखी महत्वपूर्ण फाइलें जलकर खाक हो गईं। जबकि विश्वविद्यालय प्रशासन किन्हीं अतिआवश्यक दस्तावेज या सामग्री के स्वाहा होने की बात से इंकार कर रहा है। जीवाजी विश्वविद्यालय के पीआरओ शांति देव सिसौदिया के मुताबिक, विश्व विद्यालय स्टाफ ने मंगलवार सुबह करीबन साढ़े दस बजे प्रशासनिक भवन स्थित आईटी सेंटर के कमरे से धुआं उठता हुआ देखा। तो तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचित कर दिया। इस बीच यूनिवर्सिटी में मौजूद अग्निशमन संसाधनों से स्टॉफ ने आग पर काबू करने की कोशिशें शुरू कर दीं। थोड़ी ही देर में फायर ब्रिगेड का अमला भी मौके पर पहुंच गया। उससे पहले ही आग पर काबू पा लिया गया। इस आगजनी की वजह को लेकर विश्वविद्यालय प्रबंधन का कहना है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी है जिसमें ज्यादा कोई नुकसान नहीं हुआ है। जबकि सूत्र बताते हैं इसमें महत्वपूर्ण फाइलें जरूर जल गईं हैं। दूसरी तरफ विश्वविद्यालय प्रशासन इस मामले की विभागीय जांच कराए जाने की बात कह रहा है।