होली के रंग अपनो के संग : फाग गायन के साथ मानस भवन खूब उड़ा अबीर-गुलाल
ग्वालियर। फूलबाग स्थित मानस भवन में होली के अवसर पर फाग गायन का कार्यक्रम सम्पन्न किया गया। इस अवसर पर अलग-अलग टोलियां ने लोक संगीत फाग का गायन किया।
तुलसी मानस प्रतिष्ठान द्वारा शनिवार को फूल बाग स्थित मानस भवन में होली के रंग अपनों के संग "फाग गायन" का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर लोगों ने एक दूसरे को अबीर- गुलाल लगाकर होली खेली। इस दौरान फाग गायन के लिए आईं टोलियों ने अपने गायन से कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। देर शाम तक लोग फाग की धुनों पर थिरकते रहे और एक दूसरों को रंगो से सराबोर करते रहे। इस अवसर पर टोलीओं ने कई भजनों की प्रस्तुति दी, जिनमें 'रंग में होली कैसे खेल लूंगी' 'जा सांवरिया के संग राधा से मिल गए नैन' 'राधिका गोरी से बिरज की छोरी से मैया करा दे मेरो व्याह' प्रस्तुतियां शामिल रहीं। कार्यक्रम में प्रभु की आराधना की फाग गायन के साथ की गई। फाग गायन के लिए गुढ़ा- गिरवाई और चकतालपुरा विभाग मंडल की टोलियों के अलावा गुना के बजरंग मंडल में शामिल नीलम बुंदेला गुरु, महेंद्र सिंह, जनक सिंह, अमर सिंह तथा महाराज सिंह ने फाग गायन किया। जबकि गिरवाई के शीतल कबीर मंडल में शामिल हरि सिंह और चक्रताल का पुरा के श्री राम मंदिर के भजनलाल, हेम सिंह कुशवाह व महेश कुशवाहा ने फाग गायन प्रस्तुति दी। ढोलक पर संगत अप्पे पाल ने की। कार्यक्रम में तुलसी मानस प्रतिष्ठान के अध्यक्ष राकेश जादौन, सचिव महेश मुदगल, दुष्यंत साहनी, रामबाबू कटारे, विह्वल सेंगर, उमेश उप्पल एवं राकेश दीक्षित मुख्य रूप से उपस्थित थे। इस मौके पर बड़ी संख्या में शहर के बुद्धिजीवी, समाजसेवियों सहित सैकड़ा लोग उपस्थित रहे।