बहुचर्चित शहला मसूद हत्याकांड पर आधारित किताब, प्रकाशन से पहले ही मचा रही है धमाल

ग्वालियर। प्रदेश के बहुचर्चित आरटीआई एक्टिविस्ट शहला मसूद हत्याकांड पर आधारित नॉवेल " द मर्डर दैट शॉक द नेशन " जल्दी ही बाज़ार में आने वाला है। इसके कवर पेज का भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार और लेखक हेमेंद्र शर्मा ने सोशल मीडिया के फेसबुक प्लेटफॉर्म पर प्रमोशन कर राजनैतिक गलियारों में खलबली मचा दी है। पता चला है कि इस अंग्रेजी नॉवेल के हिंदी संस्करण को लोकसभा चुनाव से पहले जारी किए जाने से रोका जा रहा है। जबकि पाठक इसे पढ़ने को इतने बेताब हैं कि हिंदी संस्करण के जारी किए जाने का सोशल मीडिया के माध्यम से प्रकाशक पर दबाब बना रहे हैं। 

उल्लेखनीय है कि प्रदेश की राजधानी भोपाल में आरटीआई एक्टिविस्ट शहला मसूद की 16 अगस्त 2011 को दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। मामला हाईप्रोफाइल था, क्योकि शहला उस वक्त भ्रष्टाचार की खिलाफत करने वाले गांधीवादी आंदोलनकारी अन्ना हजारे द्वारा चलाये जा रहे आंदोलन की प्रदेश संयोजक थीं। प्रारंभिक पड़ताल के बाद पुलिस का मानना था कि इस सनसनीखेज वारदात के तार राजनेताओं और उच्च पदस्थ नौकरशाहों से जुड़े हैं। शायद इसी वजह से तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केस सीबीआई को सौंपने के निर्देश जारी किए थे।

यहां बता दें यह नॉवेल लेखक हेमेंद्र शर्मा ने वर्ष 2012 में ही लिख दिया था। पर शहला मसूद हत्याकांड मामला न्यायालय में विचाराधीन था। सो सुप्रसिद्ध प्रकाशन संस्था "हार्पर कॉलिंग" ने फैसला आने तक प्रकाशन टाल दिया। बताते हैं किताब के लेखक और तेजतर्रार पत्रकार हेमेंद्र, शहला मसूद के मित्र थे। जाहिर सी बात है वे शहला से जुड़े इस मामले की अनछुई बातों को जानते थे। हेमेंद्र ने उन्हीं बातों को इस किताब में इबारत दी है।

माना जा रहा है कि इस किताब में कुछ सफेदपोशों तथा नौकरशाहों के नाम हो सकते हैं जो सूबे की सियासत में उथल-पुथल मचा सकते हैं। हेमेंद्र को जानने-समझने वाले अब इस किताब का हिंदी संस्करण पढ़ने को आतुर हैं, जबकि इसका अंग्रेजी संस्करण अभी तक जारी नहीं हुआ है। ऐसे में लोकसभा चुनाव से पहले इसके प्रकाशन को कौन लोग रोकना चाहते हैं, आसानी से समझा जा सकता है। वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक हेमेंद्र शर्मा का कहना है किताब का जल्दी प्रकाशन होकर पाठकों को शहला मसूद की छवि को लेकर खास बातें जानने को मिलेंगीं, जिनसे आमजन अछूता है।

बहरहाल कुछ भी हो कवरपेज का प्रमोशन धमाल मचा रहा है। जितना प्रकाशन से जुड़े लोग उत्साहित है उतना ही पाठक भी। फिलहाल किताब के अंदर क्या है इसे पढ़ने के बाद ही पता चल सकेगा।