आचार सहिंता लागू होते ही हटाये गए राजनैतिक बैनर, पोस्टर

ग्वालियर। लोकसभा चुनाव के लिए मतदान की तिथियां घोषित होने के साथ ही शहर में लगें नेताओं के पोस्टर को हटाने के कार्य रविवार रात से ही शुरू हो गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर अनुराग चौधरी ने आदर्श आचरण संहिता के दृष्टिगत आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। निर्वाचन की तिथियां घोषित होते ही जिला निर्वाचन अधिकारी चौधरी ने अधिकारियों से कहा है कि अब आदर्श आचरण संहिता के प्रावधानों का जिले में कड़ाई से पालन कराना सुनिश्चित किया जाए। इसी सिलसिले में नगर सहित जिले में अन्य स्थानों पर विभिन्न प्रचार प्रसार की सामग्रियों को तत्काल हटाने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने आयुक्त्नगर निगम को 24 घंटे में संपत्ति विरूपण सहित अन्य कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर अनुराग चौधरी के निर्देश पर जिले एवं शहर में संपत्ति विरूपण के तहत पोस्टर बैनर होर्डिंग हटाने का कार्य शुरू हो गया है। नगर निगम ने लोकसभा चुनाव की घोषणा होते ही बीती रात से ही शहर में लगे नेताओं के पोस्टर,बैनर और होर्डिंग्स को हटाने का कार्य तीव्र गति से शुरू कर दिया है।