38 नंबर बंगला खाली कराने पहुचा प्रशासनिक अमला

ग्वालियर। लोकसभा निर्वाचन - 2019 के लिए आदर्श आचरण सहिंता लागू होने के बाद प्रशासनिक अमले ने बड़ी कार्यवाही की है। अमला रेसकोर्स रोड स्थित सरकारी बंगले में संचालित बीजेपी दफ्तर खाली कराने पहुचा है। वही कांग्रेस का कहना है शिकायत के बाद निर्वाचन आयोग कार्यवाही कर रहा है। क्योंकि आचार सहिंता लागू होने के बाबजूद सरकारी बंगले में राजनैतिक गतिविधियां संचालित हो रहीं थीं। सिटी सर्किल एसडीएम अनिल बनवारिया के नेतृत्व में आज रात एक दल रेसकोर्स रोड स्थित 38 नंबर बंगले पहुचा। श्री बनवारिया के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी के लिए 38 नंबर बंगला आबंटित था। कलेक्टर अनुराग चौधरी के निर्देश पर अमला रेसकोर्स रोड स्थित 38 नंबर बंगला खाली कराने पहुचा था। श्री बनवारिया के अनुसार पूर्व में तत्कालीन एसडीएम दिनेश शुक्ला बेदखली आदेश पारित कर चुके हैं। माना जा रहा है आचार सहिंता लागू होने के बाद कार्यवाई की जा रही है। वहीं शहर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता धर्मेंद्र शर्मा का कहना है उन्होंने कलेक्टर अनुराग चौधरी को शिकायत की थी कि सरकारी बंगले में राजनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रहीं हैं। फिलहाल अमले को बंगले में कुछ सामान मिला है, जिसे बंगले के दो कमरों में शिफ्ट किया जा रहा है।