नीरव मोदी के देखे जाने के सवाल पर शाह ने इशारा कर बोलने से किया इंकार
ग्वालियर। 13 हजार करोड़ रुपये के पीएनबी घोटाले के आरोपी नीरव मोदी के लंदन में देखे जाने के बाद सियासत एक बार फिर से गर्मा गई है। आरएसएस की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक में भाग लेने ग्वालियर आये भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से इस बारे में जब अंग्रेजी न्यूज़ चैनल टाइम्स नाउ के संवाददाता ने उनकी प्रतिक्रिया जाननी चाही तो उन्होंने इशारा कर सवाल का जबाब देने से मना कर दिया। शनिवार को श्री शाह अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जब राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल से बाहर आ रहे थे तभी उनसे सवाल किया गया। पहले श्री शाह ने सवाल को सुना और बाद में जबाब देने से इंकार करने का इशारा कर वे गाड़ी में सवार होकर गंतव्य की ओर रवाना हो गए। स्मरण रहे कि आरएसएस की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक शिवपुरी लिंक रोड स्थित केदारपुर धाम परिसर में 8 मार्च से आयोजित हो रही है। तीन दिवसीय इस वार्षिक बैठक में संघ प्रमुख मोहन भागवत की मौजूदगी में विगत वर्ष में किये गए कार्यों की समीक्षा एवं आगामी वर्ष के लिए रणनीति तैयार की जा रही है। इस बैठक में देश-विदेश के करीबन 1400 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। बैठक का समापन 10 मार्च यानी रविवार को किया जाएगा।