स्थाई किये जाने की मांग को लेकर ननि आउटसोर्स कर्मचारियों ने सौंपा सिंधिया को ज्ञापन

ग्वालियर। नियमित किये जाने को लेकर दर दर भटक रहे नगर निगम के आउटसोर्स कर्मचारियों का एक प्रतिनिधिमंडल आज अंचल में कांग्रेस के सर्वेसर्वा पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मिला और उन्हें अपनी मांगों से अवगत कराया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें ज्ञापन सौंपा तथा शासन स्तर पर उनकी मांगों को अवगत कराने की गुहार लगाई है। वहीं श्री सिंधिया ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया है। मंगलवार को ग्वालियर प्रवास पर आए पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नगर निगम के आउटसोर्स कर्मचारियों ने मुलाकात की। इस दौरान शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र शर्मा भी उनके साथ मौजूद थे। प्रतिनिधिमंडल ने श्री सिंधिया को बताया कि कांग्रेस ने वचन-पत्र में अस्थाई कर्मचारियों को स्थायी किये जाने एवं ठेका प्रथा खत्म किये जाने का वादा किया था। इसलिए उन्हें स्थाई किया जाए। इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल ने श्री सिंधिया को एक ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें उनकी मांगों का उल्लेख किया गया है। नगर निगम के आउटसोर्स कर्मचारियों का कहना है कि तीन-तीन माह उन्हें वेतन नहीं मिलता, ईपीएफ खातों एवं कर्मचारियों को मिलने वाली सुविधाएं भी नहीं दी जा रहीं। जिसके चलते उन्हें खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। श्री सिंधिया ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया है कि वे शासन स्तर पर प्रयास करेंगे।