हिंदुस्तान के शौर्य का हार्दिक अभिनंदन ..

ग्वालियर। हिंदुस्तान के शौर्य अभिनंदन के स्वागत में आज देशभर में उत्साह रहा। लोग सड़क पर उतर कर दिनभर जश्न मनाते देखे गए। ग्वालियर में भी लोग झूम रहे थे, आतिशबाजी कर रहे थे और भारत माता की जय जयकार के बीच खुशियां मनाते रहे। फूलबाग चौराहे पर लोग शाम 4 बजे ही इकट्ठा हो गए और गगनभेदी नारों के बीच ढोल-ताशे की थाप पर नाचते गाते देखे जा रहे थे। हर कोई अभिनंदन का हार्दिक अभिनंदन करने को आतुर था। पाक, विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान को बाघा बॉर्डर पर भारतीय सेना के हवाले कर रहा था। पर लग ऐसा रहा था कि मानो हिंद का शेर ग्वालियर आ रहा हो। इसी इंतजार के बीच अभिनंदन सबसे पहले रात करीबन 9 बजकर 14 मिनिट पर इंग्लिश न्यूज चैनल टाइम्स नाउ पर बॉर्डर की ओर आते नजर आए। जबकि पाक उन्हें पहले शाम 4 बजे, फिर 6 बजे और फिर रात करीबन 9 बजे रिहा करने की बात करता रहा। आखिरकार अभिनंदन जैसे ही टीवी स्क्रीन पर देखे गए तो लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। शहरवासी आतिशबाजी करने लगे और एक बार फिर से लोग ढोल-ताशे की थाप पर थिरकते हुए जश्न मनाते देखे गए। रिहाई के वक्त अभिनंदन के चेहरे पर जीत का भाव देखने को मिला। इस दौरान जाबांज अभिनंदन को जैसे ही पाक आर्मी ने भारतीय सेना के हवाले किया, अधिकारियों ने उनसे हाथ मिलाया और उन्हें बाघा बॉर्डर के अंदर ले आये। यहां बड़ी बेसब्री से नेशनल मीडिया उनका इंतजार कर रहा था। सभी कैमरों की फ्रेम में बाघा बॉर्डर का गेट था। जाबांज अभिनंदन को इसके तुरंत बाद मेडिकल चेकअप के लिए ले जाया गया और अभिनंदन की रिहाई का अधिकृत ऐलान किया गया। साभार : टाइम्स नाउ