शासकीय योजनाओं का क्रियान्वयन आपसी समन्वय के साथ किया जाए, राज्यपाल ने शासकीय योजनाओं की जानकारी लेने हेतु अधिकारियों के साथ की बैठक
ग्वालियर। मध्यप्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने ग्वालियर प्रवास के दौरान गुरूवार को मुरार सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर शासन की जन कल्याण्कारी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों का क्रियान्वयन सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ करें। राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने शासन की योजनाओं की समीक्षा में अधिकारियों से कहा कि आम जनों के हितार्थ संचालित योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को समय पर मिले, इसके लिए अधिकारी सभी विभागों से समन्वय स्थापित कर कार्य को प्राथमिकता से करें। जरूरतमंद को उसकी जरूरत के समय मदद मिले, इसीलिए शासन योजनाएं चलाता है। इन योजनाओं का लाभ दिलाने की महती जवाबदारी विभागीय अधिकारियों की रहती है। अधिकारियों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ग्वालियर श्री भरत यादव, पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत भसीन, सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम वर्मा, रेडक्रॉस समिति के सचिव डॉ. आर पी शर्मा, अपर कलेक्टर श्री अतुल सिंह, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री राजीव सिंह, सीएमएचओ डॉ. मृदुल सक्सेना एवं डीपीसी उपस्थित थे। राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला बाल विकास विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन को प्रशासन सर्वोच्च प्राथमिकता दे। कुपोषण निवारण के क्षेत्र में भी विशेष प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने रेडक्रॉस समिति की समीक्षा के दौरान कहा कि रेडक्रॉस समिति के सदस्यों की संख्या बढ़ाने की दिशा में भी प्रयास किए जाना चाहिए। इसके साथ ही कुपोषण निवारण में सामाजिक संस्थाओं के साथ-साथ समाज के सभी वर्गों का सहयोग मिले, इसके विशेष प्रयास किए जाएं। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि स्कूल छोड़ चुके बच्चों को पुन: शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने हेतु शिक्षा विभाग निरंतर प्रयास करे और सभी बच्चों को शिक्षा मिले, ऐसा माहौल बनाया जाए।
बैठक में आयुष्मान भारत योजना की भी विस्तार से समीक्षा की गई। राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में सरकार की यह महत्वपूर्ण योजना है। इसका लाभ अधिक से अधिक लोगों को मिले, इसके प्रयास किए जाएं। बैठक में कलेक्टर श्री भरत यादव ने जिले में संचालित की जा रही योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत जिले में 3 हजार 750 मरीजों का पंजीयन किया गया है। जिनमें से 174 मरीजों के लिए 19 लाख रूपए की सहायता भी प्राप्त हुई है। रेडक्रॉस के माध्यम से भी पोषण आहार के क्षेत्र में 100 आंगनबाड़ी केन्द्रों में कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर ने बैठक में जिला पुनर्वास केन्द्र द्वारा संचालित कार्यक्रमों तथा एनजीओ के माध्यम से जिले में किए जा रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। बैठक में विभागीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग में संचालित योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल से गुरूवार को मुरार सर्किट हाउस में रेडक्रॉस समिति के पदाधिकारियों ने भी भेंट की और ग्वालियर में रेडक्रॉस समिति द्वारा संचालित गतिविधियों से अवगत कराया। राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने ग्वालियर में रेडक्रॉस द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। रेडक्रॉस समिति के सचिव डॉ. आर पी शर्मा, डॉ. केशव पाण्डेय, डॉ. ओ एन कॉल, मेजर आशा माथुर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।