ऋण माफी योजना के तहत पात्र किसानों का ऋण होगा माफ - मंत्री श्रीमती इमरती देवी
ग्वालियर। जय किसान फसल ऋण माफी योजना के तहत किसानों का दो लाख रूपए तक का फसल ऋण माफ किया जा रहा है। योजना के तहत किसानों के खातों में चरणबद्ध तरीके से राशि आना भी प्रारंभ हो गई है। सभी पात्र किसानों को ऋण माफी योजना का लाभ मिलेगा। यह बात प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती इमरती देवी ने डबरा में आयोजित कार्यक्रम में किसानों से कही। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद किसानों को अन्य हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी भी दी। गुरूवार को जिले के डबरा विकासखण्ड में तहसील स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोहपूर्वक किसानों को ऋण माफी के प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। जिन किसानों ने पूर्व में ऋण चुकता कर दिया है उन्हें किसान सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती इमरती देवी ने कहा कि जिन किसानों के खातों में ऋण माफी की राशि आ रही है। उनके लिए खुशी का विषय है और चरणबद्ध तरीके से सभी किसानों के खातों में राशि पहुँचेगी। मंत्री श्रीमती इमरती देवी ने कहा कि प्रदेश सरकार के गठन के साथ ही सबसे पहला निर्णय कर्ज माफी का है। सरकार ने अपने वचन पत्र में किसानों के लिए किए गए वादे को निभाया है। डबरा में ही 18 हजार से अधिक आवेदन भरे गए हैं। जिनमें से 3 हजार 54 हरे, 11 हजार 686 सफेद और 3 हजार 719 गुलाबी आवेदन भरे गए हैं। आज 5 हजार 581 किसानों को इसका लाभ मिलेगा। इसके अलावा 322 किसान सम्मान पत्र प्राप्त करने वाले हैं। प्रतीक स्वरूप मंच से कुछ किसानों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में जिन किसानों को महिला एवं बाल विकास मंत्री ने प्रमाण-पत्र प्रदान किए, उनमें ग्राम इकहरा निवासी मंगल सिंह, सिली निवासी रामदास, चितावनी से भरोसा सिंह, धवा के दिलीप, जनकपुर के मानसिंह, गुलहाई के अमरजीत कौर, गोहिन्दा के बृजलाल, शुक्लहारी के रामप्रसाद, कौसा से अन्नत सिंह, देवरा के नरोत्तम, अकबई छोटी से अमरीक सिंह, खड़वई के गुरूमुख, गाजापुर से जगराम, लखनौती से निरंतन, देवरा से नरेन्द्र, सहोना के कोकसिंह, चाँदपुर के ज्ञानसिंह, गोडोलकलां के वीरेन्द्र सिंह एवं सिरसा के मेहरबान सिंह शामिल है।