आज उत्साह का दिन है, कल ही कहा था, क्या होगा, कैसे होगा कोई बता नहीं सकता - नरेंद्र सिंह तोमर

ग्वालियर। आज उत्साह का दिन है, कल रात ही कहा था क्या होगा, कैसे होगा, कोई बता नहीं सकता। यह बात केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने पाटनकर चौराहा स्थित एक होटल में आयोजित स्वागत समारोह में कही। इससे पहले करीबन एक सैकड़ा युवा व्यापारी इंजीनियर अर्पित भार्गव के नेतृत्व भाजपा में शामिल हुए। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उड़ी और पुलवामा आतंकी हमला झकझोर देने वाला था। आज का भारत नई रीति नीति वाला है। लोगों को अपना नजरिया बदलना पड़ेगा। जो कहा कर दिया। हमारी सेना बहादुर है। उन्होंने मंगलवार की सुबह पाक में हुई एयर स्ट्राइक का श्रेय दो लोगों को दिया। इसके लिए उन्होंने पीएम का अभिवादन किया और सेना को सलाम किया। आगे उन्होंने कहा कि 5 साल में एक बार हिसाब देना जरूरी समझता हूं और जनता भी यही चाहती है। समय के साथ जरूरतें बढ़ती हैं लेकिन पिछली सरकारों का नजरिया अपूर्ण रहा। पीएम ठोस और गुणवत्ता वाला काम चाहते थे। जो पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए। इसीलिए मुझे बेहद चुनौतीपूर्ण टास्क के तौर पर खनन मंत्रालय दिया गया। हमने ई व्यवस्था अपनाकर खनन आबंटन व्यवस्था को न सिर्फ पारदर्शी बनाया बल्कि इससे 1 लाख 53 हज़ार करोड़ रुपये का राजस्व भी प्राप्त हुआ, जो पिछली व्यवस्था से कहीं अधिक था। वर्ष 2014 में भारत अर्थव्यवस्था की दृष्टि से दुनिया में 11 वे स्थान पर था, लेकिन अब छठे स्थान पर है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पहले किसी हमले की बात नहीं कर पाते थे अब अन्य देश साथ खड़े हैं जबकि पाक अकेला पड़ गया है। मोदी सरकार प्रतिष्ठा की दृष्टि से काम कर रही है। समारोह के आरंभ में स्वागत भाषण में इंजीनियर अर्पित भार्गव ने क्षैत्रीय सांसद और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का व्यक्तित्व, सरल और सेवाभावी बताते हुए कहा कि पिछले 5 सालों में ग्वालियर को 5 ओवरब्रिज, स्मार्ट सिटी समेत कई सौगाते मिलीं हैं जो समाज एवं राष्ट्र सेवा का भाव जागृत करतीं हैं साथ ही प्रेरणा देतीं है। आगे इंजीनियर भार्गव ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। युवा, जिम्मेदारी का अनुभव कर रहा है और देश के विकास में अपना योगदान देने के लिए दृढ़ संकल्पित है। इसीलिए देश के विकास में योगदान देने के लिए अपने साथियों के साथ भाजपा में शामिल हुआ हूँ। इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों में भाजपा के वरिष्ठ नेता कुलवीर भारद्वाज, पूर्व साडा अध्यक्ष राकेश जादौन एवं वरिष्ठ भाजपा नेत्री श्रीमती सुमन शर्मा शामिल थीं। कार्यक्रम का संचालन ओमप्रकाश तथा अतिथियों का आभार संदीप अग्रवाल ने व्यक्त किया।