पाक को सेना का करारा जबाब, एयर स्ट्राइक कर किया अल्फा-3 को ध्वस्त, जैश मुख्यालय के तीन ठिकानों को उड़ाया

नई दिल्ली/ग्वालियर। पुलवामा आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान को सबक सिखाने के लिए भारतीय सेना ने अब 'एयर स्ट्राइक' की है। बीती रात करीब 3.30 बजे भारतीय सेना के 10 लड़ाकू विमानों ने पाकिस्तान सीमा में प्रवेश किया और 1000 किलो बम गिराए, जिससे जैश ए मोहम्मद का अल्फा-3 मुख्यालय ध्वस्त कर दिया गया है। बताया जा रहा है इस एयर स्ट्राइक में 330 से ज्यादा आतंकियों के मारे जाने की खबर है। हालाकिं अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। सूत्रों और न्यूज़ चैनलों से प्राप्त जानकारी के अनुसार भारतीय सेना ने मिराज 2000 फाइटर जेट से इस हमले को अंजाम दिया है। जो आतंकी कैंप तबाह हुए हैं, जैश के हैं। पाकिस्तान की ओर से भी भारतीय सेना की इस कार्रवाई की पुष्टि की है। पाकिस्तान को जब तक भनक लगती और उसके लड़ाकू विमान कोई एक्शन लेते, भारतीय सेना अपना काम करके लौट चुकी थी। पता चला है इस मिशन में भारत ने अपने 12 मिराज फाइटर जेट का इस्तेमाल किया, जिन्होंने मिलकर करीबन 1000 किलो बम गिराए। इस बीच पाकिस्‍तानी सेना ने भी आरोप लगाया है कि भारतीय वायुसेना ने नियंत्रण रेखा का उल्‍लंघन किया है। पाकिस्‍तानी सेना के प्रवक्‍ता मेजर जनरल आसिफ गफूर ने सुबह ट्वीट किया कि 'भारतीय वायु सेना के विमान नियंत्रण रेखा का उल्लंघन करते हुए मुजफ्फराबाद सेक्‍टर में घुस आए और बम गिराए हैं'। पर इस बात की जानकारी नहीं दी कि इस बमवर्षा में कितने आतंकी ढेर हो गए हैं। वहीं गृह नगर प्रवास पर आए केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा है प्रधानमंत्री ने जो कहा था वह कर दिखाया। हमें अपनी सेना पर गर्व है और उसे सलाम करते हैं। इधर अल सुबह पाक सीमा में घुसकर जैश मुख्यालय उड़ाने की खबर जैसे ही लोगों से सुनीं, लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। कई सामाजिक संगठन सहित छात्र व अन्य लोग समूहों में सड़क पर उतरे और जश्न मनाया। इस दौरान लोगों ने आतिशबाजी की और मिष्ठान वितरित कर अपनी खुशी जाहिर की।