आजाद हैं आजाद ही रहेंगे ..
आजाद हैं और आजाद ही रहेंगे अपने इन शब्दों को आजाद ने अपनी शहादत से सही साबित कर दिया। जनवरी 1931 में आजाद इलाहाबाद के कटरा मोहल्ले में दल के एक साथी भवानी सिंह रावत के साथ एक मकान में रहते थे। भवानी सिंह से बातें करते हुए आजाद कहते रहते थे कि भवानी आजकल मैं बुरे सपने देख रहा हूं। मुझे अक्सर पुलिस के साथ मुठभेड का सपना आता रहता है। पता नहीं ऐसा क्यों हो रहा है, पर याद रखना मेरा प्रण है कि मैं जीवित पुलिस के हाथ नहीं आऊंगा फिर चाहे मुझे खुद को ही गोली मार कर दुनिया से विदा क्यों न लेना पडे। मैं अपने इस शरीर को आतातयियों के हाथ दे कर अपवित्र नहीं करना चाहता। रविवार 27 फरबरी1931 के दिन इलाहाबाद के अल्फ्रेड पार्क (अब शहीद चन्द्र शेखर आजाद बाग ) में सबेरे 8 बजे क्रांतिकारियों की बैठक थी। इस में आजाद, दुर्गा भाभी, यशपाल, सुखदेव राज, सुशीला दीदी, जगदीश, सुरेन्द्र पांडे आदि कई क्रांतिकारी साथी उपस्थित थे। सुबह 9 बजे बैठक समाप्त हो गई तो चन्द्र शेखर आजाद सुखदेव राज के साथ वहीं रह गए और बाकी लोग अलग अलग हो कर पार्क से बाहर निकल गए। जब आजाद और सुखदेव राज पार्क के बाहर की सडक पर चहल कदमी कर रहे थे तभी आजाद चोंक पडे क्यों कि उन्होंने पार्क के सामने की सडक से वीरभद्र को निकलते देखा था। वीरभद्र काकोरी कांड में भी गिरफ्तार हुआ था लेकिन किसी सजा के बिना रिहा कर दिया गया था। इस कांड में जितने भी लोग पकडे गए थे उन सभी को कठोर सजाएं दी गई थी। राम प्रसाद बिस्मिल्र अशफाक उल्ला, रौशन सिंह और राजेंन्द्र लाहिडी को मौत की सजा मिली थी। वीरभद्र के इस तरह बिना सजा के छूट जाने पर क्रांति दल के साथी उस पर संदेह करते थे। हालांकि लगातार प्रयासों से वीरभद्र क्रांति दल के सदस्यों के साथ अपने सम्बन्ध तो बहाल कर चुका था पर चन्द्र शेखर आजाद ने उस पर कभी भरोसा नहीं किया। आजाद को शक था कि वीरभद्र पुलिस का मुखबिर बन चुका है और दल के साथ भी सम्बन्ध बनाए हुए है। इसी आशंका के कारण आजाद ने वीरभद्र को दल के गम्भीर विषयों और निर्णयों के से बाहर कर रखा था।
थोडी देर बाद आजाद ने देखा कि जिस रास्ते से वीरभद्र आया था उसी रास्ते से पुलिस अफसर विश्वेश्वर सिंह और दरोगा डाल चन्द आए और इन पर एक दृष्टि डालते हुए आगे बढ गए। आजाद को शंका हुई कि हो न हो वीरभद्र ने उन लोगों के छिपने का स्थान पुलिस को बता दिया है। उन्होंने सुखदेव राज से कहा- लगता है आज दाल में कुछ काला है। पुलिस अधिकारी विश्वेश्वर सिंह और दरोगा डाल चन्द के आगे निकल जाने के बाद आजाद और सुखदेव राज वापस पार्क में जाकर बैठ गए। इतने में एक मोटर पार्क के सामने आ कर रूकी और उस में से अंग्रेज सरकार का प्रधान खुफिया पुलिस अधिकारी नॉट बाबर तथा अन्य पुलिस कर्मचारी उतरे। नॉट बाबर ने मोटर से उतरते ही आजाद को हैण्ड्अप कहा, जिस के जवाब में आजाद ने पुलिस की मोटर के टायर में गोली मारी। निशाना अचूक था मोटर का टायर बस्र्ट हो गया। बाबर ने भी एक फायर किया और गोली आजाद की जांघ में आकर लगी। गोली लगने के कारण आजाद का वहां से भाग कर निकल जाना मुश्किल था। पुलिस पेड की आड से लगातार गोलियों की बौछार कर रही थी। घायल होने के बाद भी आजाद भीषण गोलीबारी के बीच अपने आप को बचाते हुए खिसक कर एक पेड की आड में हो गए और पुलिस को गोलियों का जवाब देते रहे। उन्होंने सुखदेव राज को वहां से भाग जाने के लिए कहा पर वह आजाद को इस हालत में छोड कर जाने के लिए तैयार नहीं था। इस पर आजाद ने उसे डपट दिया और उससे कहा कि पुरूषोत्तम दास टण्डन को मेरे मरने की खबर कर दे। उन से कहना कि वह कोशिश करें कि मेरा शरीर अंग्रेजों के कब्जें में न रहे। आजाद का निशाना अचूक था पर चारो तरफ से घिर जाने के बाद भी वह निर्भय और संतुलित हो कर पुलिस का मुकाबला कर रहे थे। बाबर और पुलिस की ओर से जितने भी फायर किए गए वह पेड पर पांच से छह फुट ऊंचाई पर जा कर लगे। जैसे ही बाबर का हाथ पेड के पीछे से जरा बाहर निकला आजाद ने गोली चला दी जो बाबर की कलाई में जाकर लगी और उसके हाथ से पिस्तोल छूट कर दूर जा गिरी। जिस पेड की आड में बाबर आजाद पर गोलियों की बौछार कर रहा था उस के पीछे एक नाला था। विश्वेश्वर सिंह उसी नाले से छिपता हुआ आजाद के बांयी ओर एक झाडी के पीछे आ पहुंचा और वहीं से आजाद पर फायर करने लगा। आजाद हमेशा अपने पास काफी गोलियां रखते थे और संकट के इस समय में उन्होंने इनका जम कर उपयोग किया। विश्वेश्वर सिंह आजाद पर लगातार गोलियों की बौछार कर रहा था जैसे ही आजाद ने उस पर निशाना लिया, गोली उसके जबडे में जाकर लगी। अंग्रेज पुलिस अफसर बाबर के मुंह से सहसा निकल गया- वेल शॉट! काफी समय तक संघर्ष करने के बाद जब आजाद के पास आखरी गोली बची तो उन्होंने भारत माता को अन्तिम प्रणाम करते हुए वन्दे मातरम का उद्घोष किया और अन्तिम गोली स्वयं को मार ली। उस समय खुफिया पुलिस प्रधान पद पर नियुक्त अंग्रेज अफसर नॉट बाबर ने आजाद के बारे में लिखा कि-असाधारण प्रतिभा और सुगठित शरीर वाला आजाद सत्रह साल की उम्र में सरकारी नौकरी में आया, किन्तु शीघ्र ही माक्र्स और साम्यवादी साहित्य पढ कर वह विद्रोही बन बैठा एवं सरकारी नौकरी छोड दी। उसने नई उम्र के उत्साही युवकों को संगठित कर उन्हें सशस्त्र क्रांति के लिए प्रेरित किया। शीघ्र ही वह क्रांति दल के प्रमुख नेता के रूप में विख्यात हो गया। भारतीय युवकों के लिए आजाद प्रेरक और आकर्षक व्यक्तित्व बन चुका था। वह बडे विश्वास के साथ विश्व विद्यालयों में घूमता रहा और छात्रों के साथ मिलता रहा। सन 1925 में जब काकोरी में रेल से सरकारी खजाने को लूटा गया था उस में भी आजाद शामिल था। तब वह पुलिस के हाथ आते आते अपनी होश्यारी के कारण पुलिस की आंखों में धूल झोंक कर भाग निकला। सारे देश में पुलिस उसकी तलाश में हैरान और परेशान थी। यदि इस देश में चन्द्र शेखर आजाद जैसे युवक पैदा होते रहेंगे तो इस भारत को लम्बे समय तक गुलाम बनाए रख पाना हमारे लिए एक तरह से असम्भव हो जायेगा।
साभार : डॉ. राम विद्रोही, वरिष्ठ पत्रकार की एफबी वॉल से