प्रधानमंत्री ने दी सेना को छूट - नरेंद्र सिंह तोमर

ग्वालियर। जम्मू कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के जवानों पर हुए आतंकी हमले के विरोध में भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय मुखर्जी भवन के नीचे धरना दिया गया एवं दो मिनिट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सीसीएस की बैठक में निर्देश दे दिए हैं सेना को पूरी तरह खुली छूट दे दी है कि आप इस घटना से निपटने के लिए स्थान भी तय करो, समय भी तय करो और स्वरूप भी तय करो। लेकिन हिसाब चुकता होना चाहिए। आगे उन्होंने प्रधानमंत्री की मंशा को शब्द देते हुए कहा कि हमारे वीर जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा, ये प्रधानमंत्री ने देश को आश्वस्त करते हुए कहा है। इस अवसर पर शहर भाजपा के नेता व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।