शिवाजी के शौर्य से परिचित कराने होगी प्रदेश की पहली पावन खिण्ड दौड़, 19 को थीम रोड से शिवाजी पार्क सिटी सेंटर तक दौड़ेंगे धावक
ग्वालियर। राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए होने वाली दौड़ तो आपने बहुत देखी होंगी, लेकिन ग्वालियर मध्यप्रदेश का वह पहला शहर बनने जा रहा है, जो राष्ट्रीय स्वाभिमान में पगी पावन खिण्ड दौड़ का आयोजन कराएगा। छत्रपति शिवाजी महाराज और उनके सैनिकों के शौर्य से जुड़ी यह वह दौड़ है, जिसमें छत्रपति शिवाजी महाराज के साथी बाजी प्रभु देशपांडे ने अफजल खान की घेराबंदी तोड़ी थी। यह अनूठी दौड़ 19 फरवरी को प्रात: 9 बजे से थीम रोड स्थित फ्लैग प्वॉइंट से शुरू होगी। छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर होने जा रहे इस आयोजन की जिम्मेदारी क्रीड़ा भारती, मध्य भारत प्रांत ने संभाली है। क्रीड़ा भारती, मध्य भारत प्रांत अध्यक्ष दीपक सचेती ने शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम ग्वालियर, ड्रीम वैली महाविद्यालय ग्वालियर और छत्रपति शिवाजी महाराज स्मारक समिति ग्वालियर के सहयोग से होने जा रही इस दौड़ में शामिल होने के लिए आयु का कोई बंधन नहीं है। किसी भी आयु के प्रतिभागी इसमें शामिल हो सकते हैं। इस दौड़ में ग्वालियर शहर के लगभग 40 विद्यालयों व महाविद्यालयों के विद्यार्थियों सहित अन्य संस्थाओं से पांच हजार प्रतिभागी शामिल होंगे। यह दौड़ 19 फरवरी को सुबह 9 बजे थीम रोड स्थित फ्लैग प्वॉइंट से प्रारंभ होकर शिवाजी उद्यान, आरोग्यधाम, सिटी सेंटर में पहुंचकर सम्पन्न होगी। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर विवेक शेजवलकर करेंगे। मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह व्यवस्था प्रमुख अनिल ओक उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के समापन अवसर पर दौड़ में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। पत्रकार वार्ता में क्रीड़ा भारती, मध्य भारत प्रांत महामंत्री डॉ. दिनेश सिंह कुशवाह, जिलाध्यक्ष डॉ. गोविंददास राठौर एवं अभिषेक अवस्थी भी उपस्थित थे।