इस साल के अंत तक सबको मिले बिना टिल्लू के पानी - महापौर श्री शेजवलकर 

ग्वालियर। 2019 की समाप्ति से पूर्व शहर के प्रत्येक नागरिक को अमृत योजना के तहत दूसरी मंजिल तक बिना टिल्लू पंप के पानी मिले तथा सीवर समस्या से निजात मिले, इस उद्देश्य को लेकर अमृत योजना के अधिकारियों को कार्य करना चाहिए। उक्त आशय के निर्देश महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर द्वारा शनिवार को वार्ड क्रमांक 17 में आज की चाय कार्यक्रम के दौरान अमृत योजना के अधिकारियों को दिए गए। क्षेत्रीय पार्षद तथा नागरिकों को अमृत योजना के तहत डाली जा रही पेयजल तथा सीवर लाइन के डीएमई की जानकारी देते हुए महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर कहा कि अमृत योजना नगर निगम की एक महत्वपूर्ण योजना है। जिसका अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुका है। प्रमुख ट्रंक लाइनें डाली जा चुकी हैं केवल गली मोहल्लों से जोड़ने का कार्य शेष रह गया है। संबंधित अधिकारी उक्त कार्य को हर हाल में दिसंबर 2019 से पूर्व पूर्ण करें। आज की चाय आपके साथ कार्यक्रम के तहत भ्रमण के दौरान अमृत योजना में पेयजल का कार्य देख रहे कार्यपालन यंत्री श्री करैया द्वारा महापौर श्री शेजवलकर को बताया गया कि वार्ड क्रमांक 17 में आगामी 1 सप्ताह में अमृत योजना के डीएमई एक का कार्य पूर्ण हो जाएगा। इसके पश्चात वार्ड क्रमांक 17 के अधिकांश गली मोहल्लों में दूसरी मंजिल तक बिना टिल्लू पंप के पानी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्दी ही डीएमई दो का कार्य भी पूर्ण होगा। उसके पश्चात क्षेत्र में पेयजल की समस्या का शत-प्रतिशत निराकरण हो जाएगा। नागरिकों द्वारा महापौर श्री शेजवलकर से शिकायत की की चमड़ा मिल की गलियों में अमृत योजना के पानी की लाइन केवल मेन रोड पर डाली है। अभी गलियों में डलना शेष है, अधिकारियों को फोन करने पर फोन नहीं उठाते इस पर महापौर द्वारा तत्काल पानी की लाइन डालने के निर्देश दिए। नागरिकों द्वारा यह भी शिकायत की गई कि जिन क्षेत्रों में पानी की लाइन डल चुकी है वहां कंपनी द्वारा पेंच रिपेयरिंग नहीं कराया जा रहा है। महापौर श्री शेजवलकर द्वारा नागरिकों को अवगत कराया गया जिस कंपनी को पेयजल लाइन डालने का कार्य दिया गया है उससे ही पेंच रिपेयरिंग का कार्य कराया जाएगा। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि श्री जगराम सिंह द्वारा 5 हाईमास्ट लगाए जाने के लिए मौलिक निधि से सहमति दी थी, लेकिन हाईमास्ट लगाने का कार्य आज तक प्रारंभ नहीं हुआ है। इस पर महापौर श्री शेजवलकर ने मौके पर मौजूद उपयंत्री विद्युत को निर्देश दिए कि फरवरी के अंत तक हर हाल में हाईमास्ट स्थापित किए जाएं। महापौर के निरीक्षण के दौरान पीतांबरा कॉलोनी के नागरिकों द्वारा कॉलोनी में अमृत योजना के तहत सीवर लाइन नहीं डाले जाने के विषय में शिकायत की। इस पर महापौर द्वारा पूछे जाने पर अमृत योजना के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि इस कॉलोनी में सीवर लाइन ऊंची है तथा कॉलोनी नीचे बने होने के कारण अमृत योजना कि सीवर लाइन डाली डाला जाना संभव नहीं हो पा रहा है। इस पर महापौर द्वारा निगम निधि से सेप्टिक टैंक बनाए जाकर कॉलोनी के निवासी 70 घरों को सीवर सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश मौके पर मौजूद अधिकारियों को दिए। इस कॉलोनी में पेयजल की लाइन का कार्य तत्काल पूर्ण करने के निर्देश महापौर श्री शेजवलकर द्वारा दिए गए। बीएड कॉलेज के बगल में पंजाब नेशनल बैंक के पास निगम की मार्केट के आगे एक पेशाब घर का निर्माण किए जाने तथा निगम भूमि पर दुकानें बनाए जाने के निर्देश महापौर श्री शेजवलकर द्वारा मौके पर मौजूद क्षेत्राधिकारी को दिए गए। नागरिकों द्वारा जियो तथा गैस कंपनी द्वारा सड़कों की खुदाई करने के बाद पेंच रिपेयरिंग नहीं करने की शिकायत भी की। इस पर महापौर ने मौके पर मौजूद सीईओ को निर्देश दिए कि संबंधित कंपनियों को नोटिस जारी करें। इसी स्थान पर गाँधी माध्यमिक विद्यालय के सामने सार्वजनिक पेशाब कर को तोड़कर नागरिकों द्वारा अतिक्रमण किए जाने की शिकायत भी नागरिकों ने की। इस पर महापौर ने तत्काल क्षेत्राधिकारी को अतिक्रमण हटाए जाने के निर्देश दिए। महापौर श्री शेजवलकर द्वारा निरीक्षण के दौरान आरा मिल कम्युनिटी हॉल का भी निरीक्षण किया तथा इस हॉल में टॉयलेट इत्यादि बनाकर मुख्य दरवाजा लगाए जाने के निर्देश भी दिए। नागरिकों से कचरे की गाड़ी समय पर आने के विषय में जानकारी ली गई तो नागरिकों द्वारा बताया गया कि कचरे की गाड़ी रोजाना आती है लेकिन उसके आने का समय निर्धारित नहीं है। इस पर महापौर ने सहायक स्वास्थ्य अधिकारी श्री कृष्ण शर्मा को निर्देशित किया कि प्रत्येक गाड़ी का रूट चार्ट प्रत्येक गली के बाहर लगाया जाए कि किस गली में कितने बजे कचरे का वाहन आएगा। इसी स्थान पर नागरिकों द्वारा श्री महेश सिंह तोमर के मकान से कल्लू किराना तक आरा मिल रोड में सीवर लाइन जाम होने की शिकायत की। नागरिकों द्वारा बताया गया कि यह सीवर लाइन लगभग 5 वर्ष से जाम है महापौर द्वारा अमृत योजना के अधिकारियों को निर्देशित किया गया की संपूर्ण सीवर लाइन का परीक्षण कराया जाए यदि आवश्यक हो तो सीवर लाइन बदल कर दूसरी नई सीवर लाइन क्षेत्र में डाली जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि क्षेत्राधिकारी का यह दायित्व है कि अमृत योजना के तहत संपूर्ण क्षेत्र में सीवर लाइन डाली गई है कोई भी सीवर नालियों में नहीं रहना चाहिए। निरीक्षण के दौरान हरिजन मोहल्ला की महिलाओं द्वारा महापौर से पानी की पाइप लाइन नहीं डाले जाने की शिकायत की इस पर महापौर ने पेयजल के अधीक्षण यंत्री श्री करैया को एक माह के अंदर पेयजल लाइन डाले जाने के निर्देश दिए।