निशक्तजन मोबाईल कोर्ट का हुआ आयोजन
ग्वालियर। सामाजिक न्याय, निशक्त कल्याण विभाग और लायंस क्लब ऑफ ग्वालियर के संयुक्त तत्वाधान में गुरुवार 14 जनवरी को निशक्तजनों के लिए मोबाइल कोर्ट का आयोजन किया गया। इसमें करीबन ढाई सैकड़ा दिव्यांगों की शिकायतें सुनी गईं तथा उनका निराकरण किया गया। जिला विकलांग पुनर्वास केंद्र बिरला नगर में गुरुवार को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निशक्तजन को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से मोबाईल कोर्ट का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयुक्त निशक्तजन मध्य प्रदेश संदीप रजक उपस्थित रहे। लायंस क्लब की प्रांतीय संयोजक साधना शांडिल्य ने बताया कि इस मोबाईल कोर्ट में 230 दिव्यांगों ने रजिस्ट्रेशन कराए एवं 17 को निशक्तता प्रमाण पत्र प्रदान किये गए। क्लब की प्रांतीय संयोजक के अनुसार इस मौके पर लॉयंस क्लब के साथ अन्य 22 क्लबो ने भी सहयोगी के रूप में कार्य किया, जो निशक्तजन की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। निशक्तजन आयुक्त संदीप रजक के मुताबिक दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम के तहत इस बार मोबाइल कोर्ट का आयोजन जिला स्तर पर किया गया है। प्रदेशव्यापी इस कार्यक्रम में दिव्यांगों की शिकायतों की सुनवाई की गई और मौके पर ही उनका निराकरण किया गया। इस मोबाईल कोर्ट के माध्यम से निशक्त जनों की जिन शिकायतोंं की सुनवाई की गई, इनमें 18 वर्ष तक के निशक्त बच्चों की शिक्षा, शैक्षणिक संस्थाओं में प्रवेश और रोजगार जैसे मुद्दों पर चर्चाकर उनका निराकरण प्रमुख रूप से शामिल हैं। ताकि निशक्तजन के अधिकारों के हनन के मामलों को रोका जा सके।