अंचल में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाये रखना मेरी प्राथमिकता - राजाबाबू
ग्वालियर। महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान रहेगा। अपराधी कोई भी हो उसे बक्शा नहीं जाएगा। अंचल में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना मेरी प्राथमिकता है। अपराध और अपराधी को किसी भी कीमत पर बक्शा नही जाएगा। यह कहना है ग्वालियर रेंज के नव पदस्थ आईजी राजाबाबू सिंह का। आई जी राजा बाबू सिंह ने आज बुधवार की सुबह अपना पदभार ग्रहण किया और अफसरों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अब लापरवाही नहीं चलेगी।
तेज तर्रार और अपनी कार्यशैली के लिये पहचाने जाने वाले 1994 बैच के अधिकारी राजाबाबू सिंह ने बुधवार को आईजी ग्वालियर रेंज का पद भार लेने के बाद कहा कि शासन ने उन पर जो विश्वास किया है, उस पर वह खरे उतरने का प्रयास करेंगे। उनका कहना है कि रेंज में अपराध पर नियंत्रण रखना उनकी प्राथमिकता में है। वहीं आगामी लोकसभा चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना भी उनकी प्राथमिकता में है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देंगे, इसके लिये महिला पुलिस टीम को भी सक्रिय किया जायेगा। उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा।