अरविंद और नीतू ने जीती दिव्यांग रेस

मेले में आयोजित दिव्यांग ट्राईसाइकिल रेस प्रतियोगिता में आधा सैकड़ा दिव्यागों ने दिखाया अपना टेलेंट

ग्वालियर। सर्द मौसम की परवाह किए बिना जब दिव्यांग मेले में पहुंचे तो उनका उत्साह और आत्मविश्वास देखते ही बन रहा था। जैसे ही रेस शुरू हुई तो दिव्यांगों में विजेता बनने के लिए गजब का जोश दिखा। आधा सैकड़ा प्रतिभागियों के बीच पुरुष वर्ग में अरविंद रजक और महिला वर्ग में नीतू शर्मा ने बाजी मार प्रथम विजेता का खिताब अपने नाम किया। 

ग्वालियर व्यापार मेले में मंगलवार की सुबह एसोसिएशन ऑफ ग्वालियर यूथ सोसायटी की ओर से दिव्यांग ट्राईसाइकिल रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे आधा सैकड़ा महिला-पुरुष दिव्यांगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। 
 
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जीडीसीए के सचिव रवि पाटणकर थे। अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष संजय कठ्ठल ने की। जबकि सड़क सुरक्षा एवं यातायात समिति के सचिव धर्मेंद्र सारस्वत एवं बीसीसीआई के स्कोरर सुनील गुप्ता विशिष्ट अतिथि थे।  
 
दिव्यांग नहीं किसी से कम - पाटणकर 
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री पाटणकर ने कहा कि ईश्वर ने प्रत्येक इंसान को खास बनाया है। हर व्यक्ति के अंदर प्रतिभा का खजाना होता है। जरूरत होती है तो बस उसे पहचानने और निखारने की। ट्राईसाइकिल रेस प्रतियोगिता में दिव्यांगों ने जिस तरीके से अपने साहस और आत्मविश्वास के साथ अपना टेलेंट दिखाया है उससे जाहिर होता है कि दिव्यांग किसी से कम नहीं हैं। 
 
ये रहे विजेता....
 
पुरुष वर्ग में 
 
प्रथम : अरविंद रजक 3100 रुपए 
 
द्वितीय : बबलू यादव 2100 रुपए 
 
तृतीय : उमेश इंदौरिया 1500 रुपए
 
सांत्वना पुरस्कार : राजेंद्र माहौर एवं दीपक माहौर प्रत्येक को 1000 रुपए  
 
महिला वर्ग में 
 
प्रथम : नीतू शर्मा 2100 रुपए 
 
द्वितीय : सुनीता कुशवाह 1500 रुपए 
 
तृतीय : रजिया बानो 1100 रुपए 
 
कल होगा पुरस्कार वितरण 
 
दिव्यांग ट्राईसाइकिल प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह 7 फरवरी गुरुवार को दोपहर दो बजे मेला प्राधिकरण के सामने आयोजित किया जाएगा। 
 
फैशन शो 16 को 
 
ग्वालियर व्यापार मेले में यूथ हॉस्टल एसोसिएशन ऑफ इंडिया ग्वालियर की ओर से 16 फरवरी शनिवार को दोपहर 12 बजे फेसिलिटेशन सेंटर में फैशन शो आयोजित किया जाएगा।