लक्ष्मीगंज वेयरहाउस पर मंत्री ने छापा मारा, मिलीं कई अनियमितताएं

ग्वालियर। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रधुम्न सिंह तोमर ने आज लक्ष्मीगंज स्थित कृषि उपज मंडी के दो वेयरहाउस का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मंत्री श्री तोमर को यहां कई अनियमितताएं मिलीं हैं। मंत्री की औचक कार्यवाही से मंडी अधिकारियों में हड़कम्प मच गया। सोमवार शाम मंत्री जब वेयरहाउस पहुचे। तो उन्हें अनाज से भरे ट्रक वेयरहाउस के बाहर खड़े मिले। मंत्री श्री तोमर ने जब मौके पर मौजूद अधिकारियों से जानना चाहा कि ट्रक वेयरहाउस के बाहर क्यों खड़े हैं ? तो सभी बगले झांकने लगे। मंत्री को निरीक्षण के दौरान यहां कोई चौकीदार भी नहीं मिला। इस पर मंत्री ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। बताया जा रहा है वेयरहाउस के बाहर खड़े ट्रक में चना भरा है। ट्रक चालक से जब मंत्री श्री तोमर ने जानना चाहा, उसे किसने भेजा है। इस सवाल का चालक संतोषजनक जबाब तक नहीं दे सका। औचक निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री तोमर के साथ एसडीएम सी बी प्रसाद सहित प्रशासनिक अमला भी मौजूद था। बाद में मंत्री श्री तोमर ने वेयरहाउस के बाहर अनाज से भरे मिले ट्रकों को पुलिस की कस्टडी में दे दिया।