विकास में सभी का सहयोग आवश्यक - मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर

ग्वालियर। प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा है कि शहर के विकास का कार्य सभी के सहयोग से किया जायेगा। ग्वालियर को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जायेगी। शहर के विकास के लिए प्रदेश सरकार और केन्द्र सरकार से भी सहयोग लिया जायेगा। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मुख्यमंत्री अधोसंरचना मद से एक करोड़ 74 लाख रूपए की लागत से बनने जा रही सड़क के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में यह बात कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने की। इस मौके पर विशेष अतिथि के रूप में नेता प्रतिपक्ष श्री कृष्णराव दीक्षित एमआईसी सदस्य श्री धर्मेन्द्र राणा, क्षेत्रीय पार्षद श्री जगदीश पटेल सहित जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि हजीरा से चार शहर का नाका तक की सड़क को भी गाँधी रोड़ की सड़क की तरह विकसित किया जायेगा। इस सड़क पर आधुनिक लाईट लगाने के साथ ही सड़क के दोनों ओर फुटपाथ और नाली का निर्माण भी कराया जायेगा। 750 मीटर लम्बी इस सड़क के निर्माण को तत्परता से गुणवत्ता के साथ किया जायेगा। श्री तोमर ने कहा कि ग्वालियर विकास के कार्यों को महपौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर की अगुआई में किया जायेगा। विकास कार्यों के लिये धन की आवश्यकता पड़ने पर प्रदेश सरकार और केन्द्र सरकार से भी मदद ली जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा निराश्रित और विधवाओं के लिये पेंशन की राशि 300 रूपए से बढ़ाकर 600 रूपए कर दी गई है। इस राशि को प्रदेश सरकार एक हजार करेगी। ग्वालियर में नगर निगम के सहयोग से सभी वार्डों में शिविर लगाकर सभी पात्रों को इसका लाभ दिलाया जायेगा। इसके साथ ही सिविल अस्पताल बिरलानगर और ग्वालियर को और व्यवस्थित करने की दिशा में कार्य किए जायेंगे। मनोरंजनालय को भी और बेहतर बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि पटेल स्कूल के विकास के लिये भी तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। स्कूल में अतिरिक्त कक्ष निर्माण के साथ ही सीसीटीव्ही कैमरे लगाने का कार्य भी किया जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि प्रदेश सरकार और नगर निगम मिलकर शहर के विकास को और गति देंगे। ग्वालियर में 15 करोड़ रूपए से अधिक की राशि से सड़कों के निर्माण का कार्य किया गया है। नगर निगम द्वारा अमृत परियोजना के तहत शहर में सीवर और पानी की लाईन बिछाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। महापौर श्री शेजवलकर ने कहा कि नगर निगम द्वारा अमृत परियोजना के तहत ही उद्यानों के विकास का कार्य भी शहर में किया जा रहा है। विकास की अनेक परियोजनाओं को नगर निगम द्वारा क्रियान्वित किया जा रहा है। आने वाले दिनों में ग्वालियर में विकास के अनेक कार्य पूर्ण होंगे। इन कार्यों के पूर्ण होने से ग्वालियर की तकदीर और तस्वीर बदली-बदली नजर आयेगी। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष श्री कृष्णराव दीक्षित ने कहा कि नगर निगम द्वारा विकास के अनेक कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार द्वारा भी विकास के कार्यों के लिए भरपूर सहयोग दिया जा रहा है। विकास के कार्यों में सभी का सहयोग आवश्यक है। ग्वालियर को विकसित करने की दिशा में तेजी से कार्य हो, इसकी आवश्यकता है। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य श्री धर्मेन्द्र राणा ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के सभी वार्डों में निर्माण के कार्य किए जा रहे हैं। विकास के कार्यों में आम जनों की भागीदारी भी नितांत आवश्यक है।