राष्ट्रीय किसान महासंघ का अनशन एवं धरना पांचवे दिन भी जारी

ग्वालियर। राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के बैनर तले आयोजित हो रहे राष्ट्रीय किसान महासंघ का अनशन एवं धरना पाँचवे रोज भी जारी है। लक्ष्मी बाई समाधि स्थल के सामने आयोजित हो रहे इस धरना प्रदर्शन का नेतृत्व जिला संयोजक ध्रुव सिंह तोमर कर रहे हैं। श्री तोमर ने सीधा संवाद में बताया कि महासंघ 5 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलनरत है। इनमें केंद्र सरकार लोकपाल की नियुक्ति करे, किसानों को सम्पूर्ण ऋण मुक्त किया जाए, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें लागू की जाएं, सभी फसलों पर लागत मूल्य का डेढ़ गुना लाभकारी मूल्य एवं फल, साग, सब्जी, दूध इत्यादि का समर्थन मूल्य तय किया जाए तथा 55 वर्ष से अधिक उम्र के किसानों को पेंशन दी जाए, सम्मलित हैं। धरना देने वालों में जगजीत सिंह मीडिया प्रभारी विष्णु कान्त शर्मा, अन्ना हजारे समर्थक अशोक सिंह, श्री कृष्ण नरवरिया, रामलखन सिंह राजपूत, धर्मेंद्र सिंह, होतम सिंह, धर्मवीर सिंह, परशुराम, मुनेंद्र सिंह सोलंकी, केशव सिंह आदि शामिल हैं।