रामचरित मानस पढ़ने से आएंगे बच्चों और युवाओं में संस्कार - जीएसएल गौड
ग्वालियर। बच्चों और युवाओं में रामचरित मानस पढ़ने से ही संस्कार आएंगे। धर्म,कर्म,आचार-विचार,पुण्य-पाप आदि की जानकारी हमें रामचरित मानस से ही मिलेगी। मानस ग्रंथ इस संपूर्ण जगत का संविधान है। यह बात आगाह सोशल सोसायटी के अध्यक्ष जीएसएल गौड ने शनिवार को कंपू स्थित कस्तूरबा भवन में आयोजित संगोश्ठी में कही। वे राम चरित मानस की आज के समय में उपयोगिता विषय पर मुख्य प्रवक्ता के तौर पर बोल रहे थे। उन्होंने युवा वर्ग के प्रतीक के तौर पर समाजसेवी अंशुमान शर्मा को रामचरित मानस ग्रंथ भेंट किया।
संस्था के सचिव एसआर शिंदे ने संगोश्ठी का संचालन किया। पंडित बीएल शर्मा ने कहा कि यदि लोग रामचरित मानस की एक भी चौपाई का पालन करें तो जगत का कल्याण हो जाए। भारत को रामचरित मानस ही विश्व गुरू बना सकता है। अधिवक्ता बीडी जैन ने कहा कि हम धन-संपत्ति में सुख तलाशते हैं। जबकि सच्चा सुख और आनंद तो रामचरित मानस के पठन-पाठन में है। हमें इसे पढ़ने के साथ- साथ व्यवहार में भी उतारना होगा। समाजसेवी आर झा ने आगाह संस्था के बारे में बताते हुये कहा कि हम जरूरतमंद स्कूली बच्चों को स्वेटर,जूते व जरूरत की अन्य चीजें उपलब्ध कराते हैं। संगोश्ठी में आभार प्रदर्शन आर के जैन ने किया।
संगोश्ठी में कस्तूरबा भवन के प्रबंध ट्रस्टी अधिवक्ता विनोद कुमार शर्मा, पं.बी एल शर्मा, पंडित आनंद दीक्षित,अधिवक्ता बीडी जैन,अचलेस्वर न्यास के प्रचार सचिव वैभव सिंघल, पंडित पवन गुप्ता,डॉ सुखदेव मखीजानी,अधिवक्ता दिनेश कुमार पराशर,अशोक शर्मा(तूफान),डीसी दुबे प्रमेद श्रीवास्तव आदि ने भी अपने विचार प्रकट किये।
रावण,भिविषण, मंथरा नाम नहीं रखते,लेकिन चरित्र अब भी जिंदा हैं - अंशुमान शर्मा
हैप्पीनेस एंड अवेयरनेस मिशन के प्रमुख,समाजसेवी अंशुमान शर्मा ने कहा कि हम रावण,भिविषण, मंथरा नाम नहीं रखते। लेकिन इस तरह के चरित्र अब भी समाज में कहीं न कहीं जिंदा हैं। आज जरूरत है कि हम इन चरित्रों को भी छोड़े। तब रामचरित मानस का अर्थ चरितार्थ होगा। आगाह संस्था की ओर से समाजसेवी अंशुमान शर्मा को रामचरित मानस भेंट की गई।