अमृत योजना के तहत सीवर व पेयजल के कार्य समयसीमा में पूर्ण करें अधिकारी - महापौर
"आज की चाय, आप के साथ" कार्यक्रम में महापौर ने किया वार्ड 33 में भ्रमण
ग्वालियर। महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर द्वारा आज शुक्रवार को वार्ड क्रमांक 33 में एमआईसी सदस्य श्री धर्मेंद्र राणा, क्षेत्रीय पार्षद श्री चन्दू सेन, पूर्व पार्षद श्रीमती अंजली रायजादा के साथ भ्रमण किया तथा नागरिकों की समस्याएं सुनी और संबंधित अधिकारियों को तत्काल समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान तीन स्थानों पर नागरिकों के साथ आज की चाय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
भ्रमण के दौरान श्री शेजवलकर द्वारा प्याऊ वाली गली में नई सीवर लाइन होने के बावजूद नागरिकों द्वारा अपने घर की सीवर, सीवर लाइन से ना जोड़ने पर नाराजगी व्यक्त की गई, उन्होंने कहा कि जिन लोगों द्वारा सीवर लाइन में अपने घर की सीवर नहीं जोड़ी है और नालियों में घर का सीवर बहा रहे हैं उनके खिलाफ दंडात्मक कार्यवाही की जाए। इसके साथ ही क्षेत्राधिकारी को संबंधित व्यक्तियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि नोटिस के बाद भी नागरिक अपनी सीवर लाइन नहीं जोड़ते हैं तो उनका चालान किया जाए। नागरिकों द्वारा क्षेत्र में 3 महीने से नालियां चोक होने की शिकायत की गई। क्षेत्राधिकारी द्वारा बताया गया कि उक्त क्षेत्र पहाड़ की तलहटी में बसा है इसलिए पहाड़ का मलवा नदियों में आकर खड़ा हो जाता है। महापौर श्री शेजवलकर द्वारा नालियों की सफाई करने के निर्देश भी दिए गए नागरिकों द्वारा बताया गया कि बरसात के समय पहाड़ों का पानी उनके घरों में घुस जाता है इस पर महापौर द्वारा गलियों में नालियों की पर्याप्त निकासी तथा गलियों में गड्ढों के भराव का भी निर्देश दिये गये।
निरीक्षण के दौरान नागरिकों द्वारा गर्मियों में पेयजल संकट की ओर महापौर श्री शेजवलकर का ध्यान आकर्षित कराया गया। इस पर महापौर श्री शेजवलकर द्वारा अमृत योजना के आरई श्री अखिलेश्वर सिंह को निर्देशित किया गया कि हर हाल में गर्मियों से पूर्व क्षेत्र का डीएमई तैयार कर इस बात की व्यवस्था की जाए कि गर्मियों में नागरिकों को बिना पंप के दूसरी मंजिल तक पानी मिल सके। श्री अखिलेश्वर सिंह द्वारा मई तक क्षेत्र को पेयजल संकट से मुक्त करने के आश्वासन दिया गया। नागरिकों द्वारा बताया गया कि गली के सामने तिराहे पर शासकीय मूत्रालय बनाए जाने की मांग की गई इस पर महापौर श्री शेजवलकर द्वारा तत्काल एस्टीमेट बनाकर कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश मौके पर मौजूद उपायुक्त ग्वालियर श्री एपीएस जादौन को दिए। महापौर श्री शेजवलकर ने निर्देशित किया की आरती मेमोरियल स्कूल के सामने रिक्त बड़ी शासकीय भूमि पर निगम मूत्रालय का निर्माण किया जाए।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय निवासी श्री कैलाश चंद्र सक्सेना भी मिलने आए उन्होंने कल महापौर की लोकमंत्रणा में कपाटे वाली गली में अधूरी पड़ी सीवर लाइन को पूर्ण कराने की मांग की थी महापौर ने मौके पर मौजूद अमृत योजना के अखिलेश्वर सिंह को निर्देश दिए कि अगले 2 माह में कपाटे वाली गली की संपूर्ण सीवर समस्या का निराकरण किया जाए तथा अधूरी पड़ी सीवर लाइन को पूर्ण किया जाए।
रामदास घाटी पर राजा चैहान की गली में नागरिकों द्वारा बंद पड़े हैंडपंप को सुधार करवाने अथवा हटाए जाने की मांग की इस पर महापौर श्री शेजवलकर द्वारा हैंडपंप प्रभारी श्री सिद्धकी को निर्देशित किया किया, 24 घंटे के अंदर उक्त हैंडपंप का निरीक्षण करें यदि हैंडपंप का सुधार किया जा सकता है तो सुधार करें अन्यथा उक्त हैंडपंप को हटाकर वाटर हार्वेस्टिंग का पिट बनाने की कार्रवाई की जाए।
रामदास घाटी पर अमृत योजना के तहत बनाए गए नए पार्क का भी महापौर श्री शेजवलकर द्वारा निरीक्षण किया गया। आरई श्री अखिलेश्वर सिंह द्वारा बताया गया कि पार्क के लिए खेलकूद सामग्री के टेंडर हो चुके हैं एक माह के अंदर पार्क में खेल कूद संबंधी सामग्री लगा दी जाएगी। इसी स्थान पर क्षेत्राधिकारी द्वारा बताया गया कि घाटी की तलहटी में फिलिंग के लिए शेष बचे स्थान पर मकानों का मलवा संपूर्ण शहर से लाकर भरा जा रहा है जैसे ही इस स्थान का भूमि भरण पूर्ण हो जाएगा। इस स्थान पर हॉर्टिकल्चर का कार्य किया जाएगा। इसी स्थान पर महापौर श्री शेजवलकर ने सामुदायिक भवन लक्ष्मण तलैया से रेलवे लाइन पर नवीन सीवर लाइन डालने के निर्देश भी अमृत योजना के अधिकारियों को दिए।
रविदास नगर का निरीक्षण भी महापौर श्री शेजवलकर द्वारा किया गया, जहां खुले हुए सीवर चेंबर रखने तथा 15 मई तक रविदास नगर के संपूर्ण पेयजल संकट के निवारण हेतु प्रभावी कार्यवाही किए जाने के निर्देश महापौर श्री शेजवलकर द्वारा दिए गए। महापौर ने रविदास नगर की सकरी गलियों में घर घर से कचरा संग्रहण हेतु विशेष छोटे वाहन की व्यवस्था करने के निर्देश भी सहायक स्वास्थ्य अधिकारी को दिए। रविदास मंदिर के बाहर बने हैंडपंप की बाउंड्री टूट जाने से गंदा पानी हैंडपंप के अंदर जाने की शिकायत नागरिकों द्वारा की गई इस पर महापौर ने मौके पर मौजूद पीएचई के अधिकारियों को हैंडपंप की बाउंड्री बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने रविदास जयंती से पूर्व रविदास मंदिर की पुताई मरम्मत इत्यादि का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान महापौर श्री शेजवलकर ने नागरिकों द्वारा बताई गई अन्य समस्याओं के निराकरण भी समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य श्री धर्मेंद्र राणा, क्षेत्रीय पार्षद श्री चंदू सेन, पूर्व पार्षद श्रीमती अंजली राज्यादा, पूर्व पार्षद श्री राजेंद्र जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।