लोकसभा निर्वाचन के लिए ईवीएम की एफएलसी आज से, कलेक्टर ने स्टेंडिंग कमेटी के माध्यम से राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी जानकारी

ग्वालियर। लोकसभा आम निर्वाचन के लिए इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन व वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जाँच (एफएलसी) एक फरवरी से एमएलबी कॉलेज में शुरू होगी। एफएलसी (फर्स्ट लेवल चैकिंग) का काम पूरी पारदर्शिता के साथ किया जायेगा। एफएलसी के दौरान मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधिगण भी उपस्थित रह सकते हैं। यह जानकारी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री भरत यादव ने स्टेंडिंग कमेटी की बैठक में मान्यता प्राप्‍त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी।

          गुरूवार को यहाँ कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री यादव ने कहा कि मतदाता सूचियों के संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत अभी भी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत कर सकते हैं। साथ ही मतदान केन्द्रों के संबंध में भी सुझाव दिए जा सकते हैं। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के अन्य दिशा-निर्देशों की जानकारी भी बैठक में दी। साथ ही कहा कि जिन राजनैतिक दलों ने अभी तक अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की सूची नहीं दी है, वे जल्द से जल्द यह सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध करा दें।

          जिला निर्वाचन अधिकारी श्री यादव ने कहा कि सेक्टर अधिकारियों के माध्यम से जिले के सभी मतदान केन्द्रों का सत्यापन कराया गया है और वहाँ बुनियादी सुविधाएं जुटाई जा रही हैं। राजनैतिक दलों के प्रतिनधि भी इस संबंध में अपने सुझाव दे सकते हैं। उन्होंने कहा भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत ग्वालियर जिले में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर रूल ऑफ लॉ का पालन कराया जा रहा है। खासतौर पर कोलाहल अधिनियम, अवैध होर्डिंगों के खिलाफ कार्रवाई, सम्पत्ति विरूपण अधिनियम इत्यादि अधिनियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही बल्नरेबिल्टी मैपिंग की कार्रवाई भी जारी है।

          राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को गत 25 जनवरी से जिले में शुरू हुए टोलफ्री नम्बर 1950 के बारे में भी कलेक्टर ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस नम्बर को डायल कर निर्वाचन संबंधी तमाम जानकारी प्राप्त की जा सकती है। अभी तक यह नम्बर भोपाल व दिल्ली स्थित निर्वाचन कार्यालयों में ही कार्यरत था।

          बैठक में अपर जिला दण्डाधिकारी श्री संदीप केरकेट्टा, संयुक्त कलेक्टर श्री नरोत्तम भार्गव व उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राघवेन्द्र पाण्डेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे। साथ ही सर्वश्री आनंद शर्मा, अशोक जैन व अरूण कुलश्रेष्ठ सहित मान्यता प्राप्त राजनैति दलों के अन्य प्रतिनिधिगण मौजूद थे।