कुष्ठ रोग की एमडीटी दवाई सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क मिलती है-- डॉ सैफी

30 जनवरी कुष्ठ रोग दिवस पर चर्म एवं गुप्त रोग विशेषज्ञ डॉ खोजेमा सैफी से विशेष चर्चा---

वरिष्ठ पत्रकार अंशुमन शर्मा ने की बातचीत ---

ग्वालियर। कुष्ठ रोग की की एमडीटी दवाई सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर निशुल्क मिलती हैं। इस बीमारी की शीघ्र पहचान करना आवश्यक है। ताकि तुरंत एमडीटी दवाई शुरू की जा सके। 6 महीने से 12 महीने तक लगातार दवाई के सेवन से यह बीमारी पूरी तरह से ठीक हो जाती है। यह जानकारी चर्म एवं गुप्त रोग विशेषज्ञ डॉ खोजेमा सैफी ने एक विशेष वार्ता में दी। 

 
कुष्ठ रोग त्वचा एवं नर्वस का बैक्टेरियल संक्रमण है----
 
डॉ खोजेमा सैफी ने बताया कि कुष्ठ रोग त्वचा एवं नर्वस का  बैक्टेरियल संक्रमण है जो कि मायकोबैक्टेरियम लेप्रा नामक बैक्टीरिया के कारण होता है। इसका इंफेक्शन किसी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से या वातावरण से होता है।
 
कुष्ठ रोग में हल्के रंग के धब्बे बन जाते हैं,त्वचा सुन्न होने लगती है--- 
 
कुष्ठ रोग से संक्रमण होने के बाद त्वचा में हल्के रंग के सुन्न धब्बे बनने लग जाते है। हाथ- पैर मै सुन्नपन आने लगता है। समय रहते उपचार ना मिलने पर हाथ एवं पैर की उंगलियों में गलाव आ जाता है। उंगलियां टेड़ी होने लगती हैं। कई बार बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द आदि की शिकायत रहती है।
 
कुष्ठ रोग में बीड़ी, सिगरेट,तंबाकू शराब का पूर्ण परहेज़ है ---- 
 
(1)  कुष्ठ रोग में बीड़ी, सिगरेट, तम्बाकू, शराब का पूर्ण रूप से परहेज़ है। 
(2) हाथ एवं पैर की ज्यादा देखभाल करें ।
(3)  चोट, जलन, चुभन से हाथ पैर को बचाएं ।
(4) घाव हो जाने पर घाव की उचित देखभाल करें ।
(5)  व्यायाम करना ।
(6) पौष्टिक भोजन का सेवन करना।
(7)  नियमित एमडीटी का सेवन करना। किसी भी परिस्थिति में एमडीटी को बंद नहीं करना चाहिए।
 
डॉ खोजेमा सैफी की अपील देश से कुष्ठ रोग मिटाना है ---
 
चर्म एवं गुप्त रोग विशेषज्ञ डॉक्टर खोजेमा सैफी ने अपील करते हुये कहा कि --
कुछ साल पहले तक कुष्ठ रोग भारत में एक बड़ी स्वास्थ्य समस्या थी। भारत सरकार,चिकित्सको के प्रयास व जागरूकता से अब इस रोग पर नियंत्रण किया जा चुका है। एमडीटी इसका कारगर इलाज है। 
भारत सरकार का लक्ष्य है कि कुष्ठ रोग को पूर्ण रूप से समाप्त करना। हमारे देश में इसका एक भी रोगी ना रहे एवं   पीड़ित व्यक्ति को पूर्ण रूप से इलाज मिले। 
कुष्ठ रोग के साथ सबसे बड़ी समस्या इसके साथ जुड़ी भ्रांतियां, कुरीतियां और सामाजिक छुआछूत की भावना है। रोगी के साथ कुछ वर्ष पहले तक अच्छा नजरिया नहीं था लेकिन वर्तमान परिदृश्य बदला है। इसमें अभी और भी सुधार की आवश्यकता है।
30 जनवरी को कुष्ठ दिवस के रूप में मनाया जाता है। आज हम संकल्प लें की इस रोग को पूर्ण रूप से समाप्त करेंगे। साथ ही इससे पीड़ित रोगियों को एमडीटी की पूरी दवा दिलाएंगे।  रोग से जुड़ी भ्रांतियों, कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाएंगे।