जन-सुनवाई में दो फरियादियों को मिली रेडक्रॉस से आर्थिक सहायता, लगभग 200 आवेदक पहुँचे अपनी समस्याएं लेकर

ग्वालियर । मंगलवार को कलेक्ट्रेट मे आयोजित जन-सुनवाई में लगभग 200 फरियादी अपनी समस्यायें लेकर पहुँचे। प्रात: 11 बजे से ही आवेदकों की लाईन लगने लगी और सभी अपनी समस्या का निराकरण चाहते थे। कलेक्टर श्री भरत यादव, अपर कलेक्टर श्री दिनेश श्रीवास्तव, सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम वर्मा व एडीएम श्री संदीप केरकेट्टा सहित एसडीएम एवं विभिन्न विभागीय अधिकारियों ने आवेदकों की समस्यायें सुनीं और मौके पर निराकरण भी किया गया।

          इस सप्ताह जन-सुनवाई में दो आवेदकों को रेडक्रॉस से आर्थिक सहायता प्रदान की गई। जिसमें किलागेट, हजीरा निवासी शारदा ने बताया कि उसके परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। ससुर के इलाज का खर्च वहन करना बहुत कठिन हो रहा है। उसकी समस्या को देखते हुए तुरंत रेडक्रॉस से 10 हजार रूपए की आर्थिक मदद प्रदान की गई। इसी प्रकार एक अन्य आवेदिका बहोड़ापुर मेवाती मोहल्ला निवासी शाहीन खान ने बताया कि वह कैंसर से पीड़ित है। उसे बीमारी के इलाज के लिए आर्थिक सहायता दी जाए। आवेदिका को तुरंत दो हजार रूपए रेडक्रॉस से प्रदान किए गए।

          इसी प्रकार ग्राम सूरों निवासी होतम सिंह ने बेटी का लाड़ली लक्ष्मी योजना का प्रमाण-पत्र बनाने संबंधी आवेदन दिया। जिस पर डीपीओ ने तुरंत प्रमाण-पत्र बनाने का आश्वासन दिया। जन-सुनवाई में ग्राम लखनौतीकला निवासी राजेश ने दिव्यांगजनों को शासन से मिलने वाली बैट्री वाली गाड़ी की माँग की। उसका आवेदन लेकर कलेक्टर श्री भरत यादव ने तुरंत संबंधित विभाग को सौंपते हुए जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए।

          जन-सुनवाई में इसी प्रकार से कई समस्यायें लेकर आवेदक आए। जिनकी समस्याओं को एक-एक कर कलेक्टर श्री भरत यादव सहित अन्य अधिकारियों ने सुना। कलेक्टर श्री भरत यादव ने आवेदकों से उनकी समस्याओं पर चर्चा की और यह भी बताया कि किसी योजना के संबंध में पात्र होने पर हितग्राही को अवश्य लाभ दिया जायेगा और संबंधित विभाग के अधिकारियों को भी आवेदन सौंपते हुए निर्देश दिए कि आवेदकों के आवेदनों का परीक्षण कर पात्र होने पर तुरंत लाभ प्रदान किया जाए। लोगों को अपनी समस्याएं लेकर यहाँ-वहाँ न भटकना पड़े।