मंत्री श्री तोमर ने निभाया हिमांशी से किया वादा, पहुचे घर
शिवपुरी/ग्वालियर। आम बात है जब कोई व्यक्ति किसी से मिलता है तो उसका अभिवादन करता है और कई मौकों पर लोग घर आगमन का औपचारिक आमंत्रण भी देते हैं। लेकिन जब सामने कोई मंत्री हो और ऐसे ही आमंत्रण पर आपके घर पहुच जाए तो आप इसे क्या कहेंगे ? जरा सोचिए..!
दरअसल, हुआ यूं कि खाद्य मंत्री प्रधुम्न सिंह तोमर शिवपुरी के प्रभारी मंत्री भी हैं। शनिवार को गणतंत्र दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण करने शिवपुरी पहुचे थे। ध्वजारोहण के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जा रही थीं। इन्हीं प्रस्तुतियों में 11 साल की कक्षा 7 वीं में पढ़ने वाली हिमांशी पुत्री श्री अशोक राठौर निवासी मोहल्ला छावनी ने भी प्रस्तुति दी। हिमांशी ने छोटी उम्र में कठिन योग मुद्राएं दिखाकर कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों को अचंभित कर दिया। हिमांशी की प्रस्तुति देख मंत्री श्री तोमर भी चकित रह गए। मंत्री श्री तोमर ने हिमांशी को अपने पास बुलाया और उसकी पीठ थपथपाई। हिमांशी ने मंत्री का अभिवादन किया और औपचारिक तौर पर उन्हें घर आगमन का आमंत्रण दे दिया। मंत्री ने आने का वादा किया। कार्यक्रम खत्म होते ही मंत्री प्रधुम्न सिंह तोमर हिमांशी के घर पहुच गए। हिमांशी की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। मंत्री ने बच्ची का पुष्पहार पहनाकर और नगद 5 हजार रुपये का इनाम देकर उसे सम्मानित किया। इस दौरान कलेक्टर, एसपी भी उपस्थित थे। मंत्री श्री तोमर ने हिमांशी के माता-पिता से मुलाकात की और उसके हुनर की जमकर तारीफ की। साथ ही हिमांशी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सरकार से हर संभव मदद का भरोसा भी दिलाया। माना जाने लगा है नेता वही होते हैं जो वादा तो करें, पर निभाएं नहीं। यहां मंत्री प्रधुम्न सिंह तोमर ने हिमांशी के घर पहुचकर लोगों की इस धारणा को जरूर झुठला दिया है।