श्रीमद्भागवत कथा का दूसरा दिन : त्रीशक्तियों-गुरु, गाय व ग्रंथ का जीवन में होना अनिवार्य, गाय की सेवा से बुद्धि में दिव्यता आती है, ग्रंथो के अध्ययन व प्रभु चिंतन में ऊर्जा लगाना चाहिए, काल को नहीं, कर्म को डरावना समझें, मृत्यु का भय ही महारोग

ग्वालियर। छत्रीमंडी में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन राष्ट्रसंत माँ कनकेश्वरी ने कहा कि गाय की सेवा करें, गाय को दूध की दृष्टि से नहीं देखना चाहिए। गाय के दूध से बुद्धि तीक्ष्ण होती है, लेकिन गाय की सेवा से बुद्धि में दिव्यता आती है और यह दिव्यता कर्म को दिव्य बनाती है। गाय को अपनाने से सात्विकता आती है महालक्ष्मी आती है।
त्रीशक्तियों-गुरु, गाय और ग्रंथ का जीवन में होना आवश्यक ही नहीं अनिवार्य है। यदि जीवन में त्रीशक्तियाँ प्राप्त नहीं होती है तो हमारा विकास नहीं होगा, सद्गुणों का वर्धन नहीं होगा,शरीर कर्म के बिना नहीं रह सकता। वह दल-दल में फंस जाता है इस कारण जीवन समाप्त हो जाता है। इसलिए जीवन की सार्थकता के लिये त्रीशक्तियाँ अनिवार्य है।
सभी प्रकार की ऊर्जा ग्रंथों के अध्ययन अथवा प्रभु के चिंतन में लगाना चाहिए। शेष क्षण मृत्यु के हैं, ऊर्जा को गलत दिशा में जाने से रोकना होगा।स्वयं के द्वारा स्वयं का पतन रोकें, दिये का प्रकाश हवा से बुझ सकता है, लेकिन भक्ति का प्रकाश बुझता नहीं है।
मृत्यु का भय ही महारोग है। जीवन को नहीं सुधारोगे तो मृत्यु का भय बना रहेगा, पाप के परिणाम से बचाने का उपाय तो भगवान के भी पास नहीं है। काल को डरावना ना समझें, बल्कि कर्म को डरावना समझे़,ज्ञान और वैराग्य तो भक्ति की संतान है।
मनुष्य दूसरों को जैसा बांटता है, वैसा ही उसके बदले में उसे मिलता है। सुख बांटोगे तो सुख और दुख बांटोगे तो दुख मिलेगा। इसलिये सभी के दुख में शामिल रहकर सुख बांटना चाहिए।
वैराग्य और ज्ञान विचार में आ जाये तो छूटेगा नहीं, सत्संग से दूर रहेंगें तो वैराग्य और ज्ञान विचार में नहीं आयेगा। 
इन्होंने किये पुष्प अर्पित....
      कथा के आरंभ में केन्द्रीय मंत्री मुख्य यजमान नरेन्द्र सिंह तोमर की धर्मपत्नी किरण सिंह, पुत्र देवेन्द्र प्रताप सिंह "रामू" तथा उनकी धर्मपत्नी सहित महापौर विवेक शेजवलकर, सभापति राकेश माहौर,पूर्व विधायक राकेश शुक्ला, लालजी जादौन, राकेश जादौन, उदय घाटगे, अशोक जैन, महेन्द्र सेंगर, बाबूलाल जोशी, रामबाबू कटारे, प्रताप सिंह तोमर, राजू सेठ, हासानंद आहूजा, सेवक बाथम, आदर्श दीक्षित आदि ने श्रीमद्भागवत महापुरुण पर पुष्प अर्पित किये। सयोंजन महेश मुदगल ने किया।