श्रीमद भागवत कथा के लिए व्यासपीठ तैयार, कलश-यात्रा के साथ कल होगा कथा का शुभारंभ
ग्वालियर। माँ कनकेश्वरी देवी की 23 जनवरी से आरंभ होने वाली श्रीमद भागवत कथा की तैयारियां लगभग पूरी कर लीं गईं हैं। मंगलवार को आयोजकों ने मुआयना कर कथा-स्थल का जायजा लिया।
छत्री मंडी स्टेडियम में बुधवार 23 जनवरी से शुरू होने वाली श्रीमद भागवत कथा स्थल का मंगलवार को आयोजकों ने मुआयना किया। इस दौरान आयोजकों ने व्यासपीठ, माइक व्यवस्था, पानी व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही कथा-स्थल पर स्वच्छता व्यवस्था बनाई रखी जा सके, इसको ध्यान में रखकर सबंधितों को आवश्यक निर्देश भी दिए। इस मौके पर आयोजक कथा-स्थल पर की जा रहीं तैयारियों से संतुष्ट नजर आये। इस अवसर पर पंडित महेश मुद्गल, राकेश जादौन, पंडित रामबाबू कटारे, देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर रामू, विहवल सेंगर, राजू सेठ, अर्पित भार्गव, महेंद्र सेंगर, नरेंद्र सिंघल, कमल मखीजा, सतीश बौहरे, खुशबू गुप्ता, धर्मेंद्र कुशवाहा, पार्षद रूप सिंह पाल, महेंद्र श्रीवास्तव, लालजी जादौन, शिवेंद्र राठौर आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे। 29 जनवरी तक आयोजित होने वाली कथा का शुभारंभ कलश-यात्रा के साथ बुधवार को किया जाएगा। जो महाराज बाड़ा से शुरू होगी और शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई कथा-स्थल छत्री मंडी स्टेडियम पहुंचेगी। जहां देव और वेदियों की पूजा-अर्चना के बाद कथा का शुभारंभ होगा। कथा का वाचन प्रख्यात कथा वाचक माँ कनकेश्वरी देवी करेंगी। आयोजकों के अनुसार कथा प्रतिदिन दोपहर 12:30 बजे प्रारंभ होकर सायं 4:30 बजे तक होगी।