सवर्णों को 10 फीसदी आरक्षण देकर मोदी सरकार ने निभाया अपना महत्त्वपूर्ण वादा - केंद्रीय मंत्री श्री तोमर

ग्वालियर। केंद्र में जब से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है तब से माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार ऐतिहासिक फैसले लिए जा रहे हैं। सवर्णों को नौकरी और शिक्षा में दस प्रतिशत आरक्षण देकर मोदी सरकार ने अपना एक महत्वपूर्ण वादा निभाया है। केंद्र में पिछले 10 वर्ष में कांग्रेस की सरकार भी रही, लेकिन वे सवर्णों को आरक्षण नहीं दे सके। इसके विपरीत मोदी सरकार ने अपने घोषणापत्र में किए गए वादे के मुताबिक सवर्णों को एक महत्वपूर्ण सौगात दी। इसलिए भारतीय जनता पार्टी ने यह तय किया है कि हम जनता के बीच जाकर मोदी सरकार के इस फैसले को ले जाएंगे। यह बात केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने रविवार को मेला ग्राउंड स्थित संस्कृति गार्डन में आयोजित आभार सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ताओं से कही। इस अवसर पर मंच पर जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा, महापौर विवेक शेजवलकर, लोकसभा के संयोजक अभय चैधरी, महामंत्रीगण कमल माखीजानी, शरद गौतम, महेश उमरैया, पूर्व साडा अध्यक्ष राकेश जादौन, वेदप्रकाश शर्मा, विधायक भारत सिंह कुशवाह, सभापति राकेश माहौर, बालेंदु शुक्ल, लालजी जादौन, डाॅ अरविंद राय उपस्थित थे। श्री तोमर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज जो महागठबंधन की राजनीति की जा रही है उसमें दल तो मिल रहे हैं लेकिन दिल नहीं मिल रहे। यह लोग मोदी सरकार की उज्जवला योजना, आयुष्मान भारत योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण दुखी नहीं है बल्कि यह लोग इसलिए दुखी हैं क्योंकि केंद्र में मोदी सरकार ने दलाल प्रथा को बिल्कुल समाप्त कर दिया है। राफेल डील पर भी कांग्रेस के मित्र सिर्फ इसलिए परेशान हैं, क्योंकि उन्हें दुख है कि अगर यह डील हमारी सरकार में होती तो जीजा जी को कमीशन दिलाकर हम अपनी राजनीति चमका लेते। राफेल डील एक ऐतिहासिक डील है। मोदी जी ऐतिहासिक पुरुष हैं। हम सभी कार्यकर्ताओं को भारत को और मजबूत बनाने के लिए एक बार फिर मोदी जी के नेतृत्व में सरकार बनाने के लिए जुटना होगा। आभार सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए महापौर विवेक शेजवलकर ने कहा हम सब जानते हैं कि पिछले दिनों लोकसभा का 124 वां संशोधन पारित हुआ था उसके माध्यम से सभी वर्गों को आरक्षण मिलना निश्चित हो गया। जो आज तक किसी भी श्रेणी में नहीं आते थे, सामान्य वर्ग के ऐसे गरीब जो आर्थिक रूप से सक्षम नहीं है उनकी चिंता किसी भी तरह के आरक्षण में नहीं की गई थी। देश के इतिहास में पहली बार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से गरीब उन सभी को 10 प्रतिशत आरक्षण देने का ऐतिहासिक कार्य किया है। हम सब श्री मोदी का आभार व्यक्त करते है। जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सामान्य वर्ग को आर्थिक आधार पर 10 प्रतिशत आरक्षण देने का ऐतिहासिक कार्य किया है। हम सब जानते हैं सामान्य वर्ग को 10 प्रतिशत आरक्षण देने की वर्षों से मांग की जा रही थी। भारतीय जनता पार्टी का जो नारा था सबका साथ सबका विकास को ध्यान में रखते हुए 10 प्रतिशत आरक्षण देने का कार्य किया है। हम सब कार्यकर्ता सम्मेलन में श्री नरेंद्र मोदी जी का आभार व्यक्त करने के लिए इकट्ठा हुए हैं हृदय की गहराइयों से श्री नरेंद्र मोदी जी का आभार व्यक्त करते हैं। श्री शर्मा ने कहा इस कार्यक्रम को हम को गंभीरता से लेना है। आज यहां पर हम सभी कार्यकर्ताओं को एक पत्रक मिलेगा, जिस पत्रक में हम को समर्थन के साथ मोदी जी को धन्यवाद देने के लिए 100 लोगों के हस्ताक्षर अपने-अपने क्षेत्र में जाकर कराना है, उस पत्रक को हम सभी कार्यकर्ताओं को बताए गए निश्चित स्थानों पर जमा करना है। इसी पत्रक के साथ एक छोटा पार्टी का पत्रक मिलेगा उसका भी वितरण करना है। कल 21 जनवरी को शाम 5 बजे तक हस्ताक्षर पत्र को दक्षिण विधानसभा के कार्यकर्ता मुखर्जी भवन पर जमा करेंगे, ग्वालियर पूर्व विधानसभा के कार्यकर्ता मोदी हाउस पर अपना हस्ताक्षर पत्रक जमा करेंगे और ग्वालियर विधानसभा के कार्यकर्ता 38 नंबर पर अपना पत्रक जमा करेंगे। आभार सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए लोकसभा चुनाव संयोजक अभय चैधरी ने कहा आज प्रसन्नता का विषय है। स्वतंत्रता के बाद सभी सामान्य वर्गों के आर्थिक आधार पर गरीब लोगों के लिए पूरा देश आरक्षण की मांग कर रहा था किसी भी राजनीतिक दल ने उनको आरक्षण देने की हिम्मत नहीं दिखाई, लेकिन आज भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी जी ने आर्थिक आधार पर गरीब सामान्य वर्ग के लोगों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने का ऐतिहासिक कार्य किया है। हम सभी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का आभार व्यक्त करते है। इस अवसर पर जिले में निवासरत प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, मोर्चों के पदाधिकारी एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला पदाधिकारी, जिला कार्यसमिति सदस्य, मंडल, मोर्चे, प्रकोष्ठ के अध्यक्ष और कार्यसमिति सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित थे।