बड़े भाई की समाधिस्थल पर नारेबाज़ी देख नाराज हुईं बहन यशोधरा, कैबिनेट मंत्री के सामने जताई कड़ी आपत्ति

ग्वालियर। पूर्व मंत्री एवं शिवपुरी की भाजपा विधायक यशोधरा राजे सिंधिया ने कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के सामने उनके समर्थकों के रवैये पर कड़ी आपत्ति जताई है। दरअसल श्री मती सिंधिया रविवार को कटोराताल के सामने स्थित अम्मा महाराज की छतरी अपने भाई और पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय माधवराव सिंधिया की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करने पहुंची थीं। इसी दौरान वहां प्रदेश के राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत भी कैलाशवासी सिंधिया की समाधि पर पुष्प अर्पित करने पहुचे थे। लेकिन वहां कांग्रेसियों के जमावड़े और नारेबाजी को देख यशोधरा राजे सिंधिया ने अप्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के सामने नारेबाज़ी कर रहे उनके समर्थकों को देख नाराजगी व्यक्त की। उनका कहना था कि इस तरह के स्थानों पर अनावश्यक नारेबाजी से बचना चाहिए। यशोधरा अपनी नाराजगी जताते हुए आगे बढ़ रहीं थीं। इसी बीच जब मंत्री गोविंद सिंह राजपूत से उनका सामना हुआ तो उन्होंने हैरानी जताते हुए उनके समक्ष भी अपनी नाराजगी जाहिर की। मंत्री श्री राजपूत ने उनको नमस्कार किया तो उन्होंने नमस्ते कहकर उनका अभिवादन भी स्वीकार किया। बाद में मंत्री श्री राजपूत आगे बढ़ गए और छतरी में मौजूद कई कांग्रेसियों ने श्रीमती सिंधिया के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। कैबिनेट मंत्री श्री राजपूत ने पत्रकारों से बातचीत में माना कि ऐसे स्थानों पर नारेबाज़ी उचित नहीं साथ ही उन्होंने यह कहकर अपने समर्थकों का बचाव किया कि लंबे समय बाद कांग्रेस सत्ता पर काबिज हुई है इसलिए कांग्रेसी उत्साह में नारेबाजी कर रहे थे।