पशुपालन मंत्री ने कहा- जिन किसानों ने जीवन में कभी कर्जा नहीं लिया उनके भी नाम किसान ऋण माफी योजना की सूची में
ग्वालियर। प्रदेश के पशुपालन मंत्री लाखन सिंह यादव ने माना है कि किसान ऋण घोटाले में पिछले कई सालों से एक बड़ा रैकेट काम कर रहा था और सरकार की प्राथमिकता है कि किसानों के नाम पर घोटाला करने वालों को उनके अंजाम तक पहुंचाया जाए। नगर प्रवास के दौरान शनिवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने आए पशुपालन मंत्री लाखन सिंह यादव ने कहा कि किसान ऋण घोटाले में अब परतें खुलना शुरू हुई है। क्योंकि उनके विधानसभा क्षेत्र में भी कई ऐसे किसान सामने आए हैं जिन्होंने कभी कोई कर्जा ही नहीं लिया, फिर भी उन्हें कर्जदार बना दिया गया। उन्होंने कहा यह एक रैकेट है इससे कौन जुड़ा रहा था उसका खुलासा करने के लिए सरकार कटिबद्ध है। जल्द ही आरोपियों को उनके अंजाम तक पहुंचाया जाएगा। आगे उन्होंने कहा कि सहकारिता के क्षेत्र में किसानों के नाम पर बड़ा घोटाला किया गया है। पशुपालन मंत्री यादव ने कहा कि कैबिनेट की बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष अपने विधानसभा क्षेत्र के फर्जी किसानो का मुद्दा उठाया है। सरकार की कोशिश है कि जिन किसानों के नाम पर यह घोटाला किया गया है उनका पर्दाफाश किया जाए। इसके लिए सरकार गंभीरता से प्रयत्नशील है। गौरतलब है कि पिछले दिनों सहकारी सोसाइटियों में कुछ ऐसे किसानों के नाम सामने आए थे। जिन्होंने कभी लोन नहीं फिर भी उनके नाम कर्जदार किसानों की लिस्ट में शामिल हो गए। उन्होंने कहा कि कर्ज नहीं लेने वाले किसानों को परेशान होने की जरूरत नहीं है।