केंद्रीय मंत्री श्री तोमर के बयान से सेन समाज के लोगों में नाराजगी, विरोध में रैली निकालकर संभागीय आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा
ग्वालियर। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के एक विवादास्पद बयान के बाद शहर का सेन समाज आक्रोशित हो गया है। सेन समाज ने रेस कोर्स रोड स्थित उनके सरकारी आवास पर धरना प्रदर्शन करने की कोशिश की। लेकिन इस दौरान वहां तोमर के बेटे का बर्थडे सेलिब्रेट किया जा रहा था। लिहाजा भारी पुलिस बल ने सेन समाज के लोगों को वहां से हटा दिया। यह लोग रैली के रूप में संभागीय आयुक्त कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने अपने साथ लाई बालों की पोटली को कमिश्नर कार्यालय के बाहर रख दिया और तोमर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सेन समाज के नेता चंदू सेन का कहना है यदि 2 दिन के भीतर नरेंद्र सिंह तोमर ने सार्वजनिक रूप से समाज से माफी नहीं मांगी तो हर दिन उनका पुतला जलाया जाएगा। सेन समाज शहर में ही नहीं पूरे प्रदेश में तोमर के खिलाफ अभियान चलेगा और आने वाले लोकसभा चुनाव में उन्हें सबक सिखाएगा। गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री श्री तोमर ने मंगलवार को जयारोग्य अस्पताल मैं निरीक्षण के दौरान कांग्रेस को लेकर एक टिप्पणी की थी। जिसमें उन्होंने कहा था कि चुनाव के बाद नाउ नाउ तेरे कितने बाल सब सामने आ जाएगा। इस बयान के बाद सेन समाज के लोगों में नाराजगी है। सेन समाज का कहना है कि तोमर एक संवैधानिक पद पर बैठे हुए हैं उन जैसे व्यक्ति से इस तरह के आचरण की उम्मीद नहीं की जा सकती। जिसमें वह खुलेआम सेन समाज को नाउ कहकर संबोधित कर रहे हैं। इसलिए तोमर को सार्वजनिक रूप से माफी मांगी होगी। सेन समाज के लोगों ने संभागीय आयुक्त कार्यालय पर डिप्टी कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा और अपने साथ लाई बालों की पोटली भी वहीं छोड़ दी। जिसे बाद में प्रदर्शनकारी वापस अपने साथ ले गए।