लोकमंत्रणा के लंबित प्रकरणों का गंभीरता से समय सीमा में करें निराकरण - महापौर श्री शेजवलकर

लोकमंत्रणा में महापौर ने सुनी आमजनों की समस्याएं

ग्वालियर। लोकमंत्रणा के लंबित आवेदनों को समयसीमा में निराकृत कर संबंधित आवेदक को सूचित करें जिससे आमजनों को परेशानी का सामना न करना पडे। उक्ताशय के निर्देश महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने गुरुवार को लोकमंत्रणा के दौरान आमजनों की समस्याएं सुनते हुए लोकमंत्रणा में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभाग अधिकारियों को दिए। लोकमंत्रणा के दौरान अपर आयुक्त श्री आर के श्रीवास्तव, अपर आयुक्त वित्त श्री देवेन्द्र पालिया, उपायुक्त श्री देवेन्द्र सुन्दरियाल सहित नोडल अधिकारी एवं अन्य सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

        नगर निगम सीमातंर्गत निवासरत नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण के लिए महापौर श्री शेजवलकर द्वारा नियमिति रुप में लोकमंत्रणा का आयोजन कर आमजनों की समस्याएं सुनकर उनका निराकरण कराया जा रहा है। जिसके अंतर्गत आज वार्ड 51 स्थित आपागंज क्षेत्र के निवासियों द्वारा लोकमंत्रणा में उपस्थित होकर महापौर श्री शेजवलकर से आग्रह किया कि क्षेत्र में स्थित दरगाह पर हजारों लोग आते हैं। इस दरगाह परिसर की बाउंड्रीवाल, फर्शी एवं परिसर में पौधारोपण आदि करा दिए जाएं जिससे परिसर का सौंदर्यीकरण बढेगा साथ ही यहां आने वाले श्रद्वालुओं को सुविधा होगी। जिसको लेकर महापौर श्री शेजवलकर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
        वहीं गोसपुरा नम्बर 2 के स्थानीय नागरिकों द्वारा क्षेत्र में स्थित कब्रिस्तान की बाउंड्रीवाल, फर्शी एवं नाली निर्माण कराने का आग्रह किया जिसको लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। इसके साथ ही वार्ड 64 के नागरिकों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत की समस्या के निराकरण को लेकर आवेदन दिया जिसको लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। वार्ड 33 स्थित शिन्दे की छावनी के निवासियों द्वारा क्षेत्र में विभिन्न स्ािानों पर अमृत योजना के तहत सीवर लाइन डलवाने के लिए आग्रह किया जिसको लेकर महापौर श्री शेजवलकर द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
      वार्ड 57 स्थित नाका चंन्द्रवदनी क्षेत्र के निवासियों द्वारा क्षेत्र में अवैध निर्माण को लेकर शिकायत की, जिसको लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश महापौर श्री शेजवलकर द्वारा दिए गए। लोकमंत्रणा के दौरान नगर निगम के विभिन्न विभागों में आउटसोर्स पर कार्य करने वाले कर्मचारियों द्वारा विभिन्न समस्याओं को लेकर आवेदन दिया जिसको लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। वहीं लोकमंत्रणा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, आईएचएसडीपी, राजीव आवास योजना से संबंधित योजनाओं में आवास हेतु अनेक नागरिकों द्वारा आवेदन दिया गया जिसको लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
       लोकमंत्रणा के दौरान अनेक नागरिकों द्वारा विभिन्न समस्याओं को लेकर आवेदन दिया गया जिसको लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश महापौर श्री शेजवलकर दिए गए।