खुशियों की दास्तां : एक छोटे किसान के लिये ऋण का बोझ कब बढ़ जाता है, यह पता ही नहीं चलता - किसान चंदन सिंह

ग्वालियर । प्रदेश सरकार द्वारा लिए गए कर्ज माफी के निर्णय से किसानों में खुशी की लहर है। इस निर्णय के कारण किसान सरकार की सराहना करते हुए नहीं थक रहे हैं। इन्हीं में से एक हैं डबरा के किसान चंदन सिंह । इनका कहना है कि खेती-किसानी के लिये ऋण तो ले लिया परंतु समय पर ऋण चुकता करना भी अहम जिम्मेदारी है। एक छोटे किसान के लिये ऋण का बोझ कब बढ़ जाता है, यह पता ही नहीं चलता । ऐसे में कर्ज माफी की खबर सुनकर तो खुशी का ठिकाना ही नहीं रहा ।

          किसान चंदन सिंह कहते हैं कि पूरे वर्ष भर किसान व उसका परिवार खेतीबाड़ी में लगा रहता है। कभी - कभी तो लागत व मेहनत अधिक हो जाती है और लाभ कम होता है। कभी प्राकृतिक कारणों से तो कभी अन्य कारणों से अच्छी आय नहीं हो पाती है। ऐसे में किसान अपने आप को बड़ा ही असहाय महसूस करता है । सरकार द्वारा कई प्रकार की योजनायें चलाई जा रही हैं । जिनसे कुछ सहारा अवश्य मिलता है । किसान चंदन सिंह का कहना है कि मैंने किसान क्रेडिट कार्ड से ऋण ले लिया परंतु यह चिंता हो रही थी कि अब ऋण कैसे जमा होगा। ऐसे में प्रदेश सरकार ने कर्ज माफी की घोषणा कर दी । जिसके तहत 2 लाख रूपए तक का ऋण माफ किया जा रहा है। इसे तो किसानों के लिये सौगात ही कहा जायेगा।

          चंदन सिंह के साथ ही मौके पर मौजूद अन्य किसानों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि हम जैसे किसान भाईयों के लिये बहुत ही हितकारी निर्णय है। अब कर्ज की राशि माफ हो जायेगी। तो हम अपनी बचत को बच्चों की पढ़ाई एवं घर की अन्य जरूरतों पर खर्च कर सकेंगे।

प्रियंका शर्मा, लेखक, जनसम्पर्क अधिकारी