बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए - मंत्री श्रीमती इमरती देवी
संभाग आयुक्त, कलेक्टर व एसपी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से की चर्चा
ग्वालियर । आम जन को आवश्यक सुविधाएं मिलना चाहिए। विशेषकर ग्रामीण एवं दूर-दराज के इलाकों में इन पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। सरकार द्वारा जो योजनायें चलाई जा रही हैं, उनको धरातल पर लाया जाए। यह बात प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती इमरती देवी ने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से कही है।
मंत्री श्रीमती इमरती देवी से संभाग आयुक्त श्री बी एम शर्मा, कलेक्टर श्री भरत यादव, पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत भसीन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शिवम वर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने मुलाकात की। मंत्री श्रीमती इमरती देवी ने अधिकारियों से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और उन्होंने पूरी रणनीति के साथ काम करने को कहा।
मंत्री श्रीमती इमरती देवी ने कलेक्टर से चर्चा कर कहा कि सरकार की योजनाओं पर विशेष निगरानी रखते हुए काम किया जाए। सभी विभाग इस प्रकार की कार्ययोजना तैयार करें, जिससे आम जन को लाभ पहुँचे। यह प्रयास होना चाहिए कि अंतिम व्यक्ति तक भी शासन की योजनाओं का लाभ पहुँचे और वास्तव में जिन लोगों के पास संसाधनों की कमी है उन तक बुनियादी सुविधाएं पहुँचाई जाएं। उन्होंने कलेक्टर श्री यादव से चर्चा कर यह भी कहा कि डबरा में जिन लोगों के प्लॉट का नामांतरण रूका हुआ है, उस पर विचार किया जाए।
इसी प्रकार पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत भसीन से सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक संबंधी विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि हैवी ट्रैफिक को देखते हुए डबरा में बाईपास से आवागमन प्रारंभ किया जाए। साथ ही कन्या विद्यालय पर सुरक्षा गार्ड की तैनाती की जाए। इसी प्रकार अन्य विभागों के अधिकारियों से भी विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में चर्चा की और निर्देश दिए कि कार्य सही ढंग से होना चाहिए। मंत्री श्रीमती इमरती देवी ने कहा है कि डबरा में जलावर्धन योजना के तहत वाटर सप्लाई सिस्टम सही किया जाए। यह गुणवत्तापूर्ण भी होना चाहिए।
इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से चर्चा की। मेडीकल कॉलेज के प्रभारी डीन डॉ. तिवारी, संयुक्त संचालक स्वास्थ्य श्री ए.के. दीक्षित को स्वास्थ्य सुविधायें बेहतर करने के निर्देश दिए। मंत्री श्रीमती इमरती देवी ने कहा है कि ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब वर्ग के लोगों को दूर इलाज के लिये जाना पड़ता है और हर व्यक्ति प्राइवेट अस्पतालों का खर्चा वहन नहीं कर सकता। इसका उपाय यही है कि शासकीय अस्पतालों में मरीजों को बेहतर इलाज मिले। स्वास्थ्य विभाग का अमला सतर्कता से काम करे। विशेषकर आए-दिन सामने आने वाले मामले जैसे नर्सों की लापरवाही आदि पर कड़ी कार्रवाई हो।