निराश्रित घूमने वाले पशुधन के प्रबंधन का काम एक हफ्ते में शुरू करें - श्री यादव
पशुपालन मंत्री ने ग्वालियर संभाग के अधिकारियों की बैठक में दिए निर्देश
ग्वालियर। प्रदेश सरकार निराश्रित गौवंश के बेहतर प्रबंधन के लिये कटिबद्ध है। सरकार गौ-माता को दर-दर की ठोकर नहीं खाने देगी। सरकार की मंशा को समझें और निराश्रित जानवरों को पकड़ने और उन्हें उचित स्थान पर रखने की कार्ययोजना पर एक हफ्ते के भीतर अमल शुरू करें। इस आशय के निर्देश पशुपालन, मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास मंत्री श्री लाखन सिंह यादव ने ग्वालियर संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर व विभागीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा पुरानी गौशालाओं व गौ सदनों की क्षमताओं का पूरा इस्तेमाल करें। साथ ही ग्वालियर जिले के हर विकासखण्ड में 4 - 4 स्थान निर्धारित करें, जहाँ पकड़े गए निराश्रित गौवंश को बेहतर ढंग से रखा जा सके। मालूम हो ग्वालियर जिले के ग्रामीण अंचल में 12 हजार 650 निराश्रित गौवंश के पशु चिन्हित किये गये हैं।
बुधवार को यहाँ मोतीमहल स्थित मानसभागार में आयोजित हुई बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं प्रमुख सचिव पशुपालन श्री मनोज श्रीवास्तव, मत्स्य महासंघ के अध्यक्ष श्री महेन्द्र धाकड़, संभाग आयुक्त श्री बी एम शर्मा, पुलिस महानिरीक्षक श्री अंशुमान यादव, संचालक पशुपालन विभाग डॉ. आर के रोकड़े, प्रबंध संचालक कुक्कुट विकास निगम श्री एचबीएस भदौरिया तथा ग्वालियर कलेक्टर श्री भरत यादव, पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत भसीन व नगर निगम आयुक्त श्री विनोद शर्मा समेत संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर, एसपी, जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और पशुपालन विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
पशुपालन मंत्री श्री यादव ने कहा कि सभी जिला कलेक्टर और विभागीय अधिकारी निराश्रित घूमने वाले पशुओं का प्रबंधन पूरी संजीदगी एवं गंभीरता के साथ करें। उन्होंने कहा सड़कों पर आए दिन निराश्रित पशुओं की वजह से दुर्घटनाएं होती हैं। जिनमें पशुओं के साथ-साथ मनुष्य भी घायल होते हैं। ऐसी दुर्घटनाओं में जान-माल का भारी नुकसान उठाना पड़ता है। इसी तरह ग्रामीण अंचल में निराश्रित जानवर फसलों को भारी नुकसान पहुँचाते हैं। इसलिए प्रदेश सरकार ने वचन पत्र में दिए गए वायदे को पूरा करने के लिये निराश्रित गौवंश के प्रबंधन के लिए गौशालाएं खोलने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में पकड़े गए जानवरों को रखने के लिये पुरानी गौशालाओं, बंद पड़े सरकारी कृषि फार्म व अधोसंरचना का उपयोग करें। साथ ही 10 से 15 ग्राम पंचायतों के बीच उचित जमीन चिन्हित कर वहाँ गौशालाएं स्थापित की जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि यथा संभव राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रमुख मार्गों के किनारे गौशालायें स्थापित करने का प्रयास करें।
श्री यादव ने कहा कि चिन्हित किए गए स्थानों की जानकारी गाँव-गाँव में दी जाए, जिससे लोग निराश्रित गौवंश को वहाँ भेज सकें। उन्होंने कहा ऐसी गौशालाओं के संचालन के लिये राज्य शासन से भी मदद दिलाई जायेगी। गौशालाएं बेहतर ढंग से संचालित हों, इसके लिये समाजसेवी संस्थाओं का सहयोग लें और सरकारी योजनाओं का भी उपयोग करें। पशुपालन मंत्री ने विभागीय प्रमुख सचिव से भी कहा कि शासन स्तर से गौशाला संचालन के लिये धनराशि मुहैया कराई जाए। उन्होंने गौ-शालाओं में रखे गए बैलों को प्रदेश के ऐसे जिलों में किसानों को नि:शुल्क वितरित कराने के लिये कहा जहां बहुतायत में वर्तमान में भी बैलों से खेती की जाती है।
अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं प्रमुख सचिव पशुपालन श्री मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि गौशालाओं के माध्यम से अनुपयोगी गौवंश को उपयोगी साबित करें, जिससे प्रेरित होकर लोग अपनी गायों को निराश्रित न छोड़ें। उन्होंने गौशालाओं में गौमूत्र, गोबर व दूध से बनाए जा रहे उत्पादों की ब्राण्डिंग करने पर जोर दिया। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने कहा गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने की जरूरत है। साथ ही लोगों को बताएं कि गाय केवल दूध के लिये ही नहीं जानी जाती, गौमूत्र व गोबर भी आय का प्रमुख जरिया बन सकते हैं।
प्रमुख सचिव पशुपालन ने सभी जिला कलेक्टर से कहा कि गौशालाओं के लिये जमीन चिन्हित करने के साथ-साथ यह भी तय कर लें कि इनका संचालन किस प्रकार किया जायेगा। उन्होंने उद्यमी भावना के साथ गौशालाएं स्थापित करने पर बल दिया। गौशालाओं के संचालन में जनभागीदारी बढ़ाने के लिये भी उन्होंने कहा। श्री मनोज श्रीवास्तव ने नगर निगम आयुक्त से कहा कि गायों के संरक्षण के लिये अल्प शुल्क लगाने के लिये परिषद से आग्रह करें। प्रमुख सचिव ने कहा कि सड़क पर आवारा घूमने वाले जानवरों को कांजी हाउस पर लगाए गए जुर्माने को बढ़ाएं। साथ ही एक जानवर के दो बार से अधिक पकड़े जाने के बाद उसे वापस न करें। उन्होंने कहा पशुओं के इलाज के लिये शासन स्तर से बजट मुहैया कराया जायेगा।
संभाग आयुक्त श्री बी एम शर्मा ने सभी जिला कलेक्टर को बैठक में दिए गए निर्देशों पर तत्परता से अमल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा 15 दिन बाद इसकी फिर से समीक्षा की जायेगी।
ग्वालियर एवं मुरैना में हुए गौवंश प्रबंधन का प्रजेण्टेशन देखा
ग्वालियर शहर में नगर निगम द्वारा संचालित लाल टिपारा गौशाला, मुरैना जिले में पिछले दो वर्ष पूर्व स्थापित की गईं गौशालाओं और ग्वालियर जिले में प्रस्तावित गौशालाओं के संचालन का प्रजेण्टेशन भी बैठक में प्रस्तुत किया गया। नगर निगम आयुक्त श्री विनोद शर्मा ने लाल टिपारा गौशाला और कलेक्टर श्री भरत यादव व जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शिवम वर्मा ने ग्वालियर जिले की कार्ययोजना का प्रजेण्टेशन प्रस्तुत किया। पशुपालन मंत्री और अतिरिक्त मुख्य सचिव ने इन नवाचारों की सराहना की। बैठक में आवारा जानवरों को पकड़ने के लिये मशीन की व्यवस्था करने का सुझाव सामने आया। प्रमुख सचिव ने इस दिशा में कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।