भजन करने वाले के पास नहीं फटकती बीमारी और दरिद्रता - पंडित आशीष दुबे
श्रीरोकड़िया सरकार धाम हनुमान मंदिर पर कथा के दूसरे दिन कथा व्यास ने बताई भजन की महिमा, श्रीमदभागवत कथा सुनने बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालु
ग्वालियर। शहर के छत्री बाजार स्थित श्रीरोकड़िया सरकार धाम हनुमान मंदिर पर मंगलवार से शुरू हुई सात दिवसीय संगीतमयी श्रीमदभागवत कथा के दूसरे दिन कथा व्यास पंडित आशीष दुबे ने श्रद्धालुओं को भजन करने का महत्व समझाया। उन्होंने भजन की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि जो व्यक्ति भगवान का भजन करते हैं उसके घर में बीमारी और दरिद्रता पास फटकने से भी घबराती है।
होशंगाबाद के मरोड़ा से आये भागवताचार्य कथा व्यास पंडित आशीष दुबे ने बुधवार की कथा की शुरुआत ब्रम्हा जी की उत्पत्ति से की। उन्होंने बताया कि भागवत पुराण कहता है कि जिस क्षण समय और ब्रह्माण्ड का जन्म हुआ उसी क्षण ब्रह्मा जी विष्णु जी की नाभि से निकले एक कमल के पुष्प से उभरे थे। अवतरण के बाद ब्रह्मा जी ने तपस्या की और विष्णु जी को अपने हृदय में उतार लिया और ब्रह्माण्ड के आरम्भ और अंत का ज्ञान प्राप्त करने के बाद सृष्टि की रचना की। पुराण कहता है कि ब्रह्मा जी ने मनु और सतरूपा का निर्माण किया और सृष्टि करने की आज्ञा दी।
इसके बाद पंडित आशीष दुबे ने कथा को आगे बढ़ाते हुए वराह अवतार की कथा सुनाई। उन्होंने बताया कि जब सृष्टि का निर्माण होने लगा तो भूमि की आवश्यकता हुई लेकिन उस भूमि को दैत्य हिरण्याक्ष लेकर सागर तल चला गया था और भूदेवी का तकिया बनाकर सो रहा था। साथ ही देवताओं के डर से उसने अपने चारों तरफ विष्टा(गंदगी) का ढेर लगा रखा था। मनु सतरूपा को जब केवल जल दिखाई दिया पृथ्वी(भूमि) दिखाई नहीं दी तो उन्होंने परमपिता को इस बारे में बताया उसके बाद ब्रह्मा जी ने विष्णु जी का ध्यान लगाकर अपनी नासिका से वराह नारायण को प्रकट किया और पृथ्वी (भूमि) को सागर से बाहर लाने का आदेश दिया जिसके बाद वराह भगवान ने दैत्य हिरण्याक्ष का वध कर भूदेवी को मुक्त किया। कथा के अंत में पंडित आशीष दुबे ने भजन की महिमा बताते हुए कहा कि जो मनुष्य भगवान से दूरी बना लेता है , भजन करना छोड़ देता है वो दरिद्रता और बीमारियों से घिर जाता है। इसलिए कैसी भी परिस्थिति हो भजन और भगवान से मनुष्य को दूर नहीं होना चाहिए। ग्वालियर के प्रसिद्द दाना परिवार द्वारा आयोजित की रही श्रीमदभागवत कथा 15 जनवरी से 21 जनवरी तक दिन में 12 बजे से तीन बजे तक चलेगी। कथा के मुख्य यजमान श्रीमती कुसुम सक्सेना, जानेमाने साहित्यकार एवं कवि सतीश "अकेला" और उनकी पत्नी श्रीमती शशि सक्सेना हैं।