क्षेत्र की समस्यायों का तत्परता से निराकरण सुनिश्चित करें अधिकारी - मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह

रमटापुरा और ख्वाजानगर में निरीक्षण के दौरान दिए निर्देश 

ग्वालियर। प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मंगलवार को ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के ख्वाजानगर तथा रमटापुरा का विभागीय अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र की छोटी-छोटी समस्याओं का तत्परता से निराकरण किया जाए।

          खाद्य मंत्री श्री तोमर ने ख्वाजानगर में सीवर समस्या तथा पानी के लीकेज की समस्या को तत्काल ठीक कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि लीकेज के कारण गंदे पानी की समस्या की शिकायत भी आए दिन आती रहती है। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि पेयजल की लाईन में कहीं पर भी लीकेज न रहे। सीवर समस्या के संबंध में भी शिकायत प्राप्त होने पर तत्परता से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। श्री तोमर ने क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था पर भी सतत निगरानी रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।

          खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने रमटापुरा में निरीक्षण के दौरान आमजनों से भी चर्चा की तथा उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त कर निराकरण के लिये संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान लोगों द्वारा कचरा समय पर न उठने की शिकायत पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कचरे की गाड़ी वार्ड में आने का समय निर्धारित किया जाए और इसकी जानकारी क्षेत्र वासियों को भी दी जाए। श्री तोमर ने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया कि क्षेत्र में साफ-सफाई में सहयोग प्रदान करें और कचरागाड़ी में ही अपना कचरा डालें, ताकि उनका वार्ड भी साफ-सुथरा रहे।

          निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री जल प्रदाय श्री करहिया, क्षेत्राधिकारी सहित विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।