टीआई की मनमानी के विरोध में वकीलों ने किया प्रदर्शन, फूंका पुतला
ग्वालियर। टीआई द्वारा कार्रवाई न करने उल्टा अधिवक्ता को धमकाने के विरोध में युवा अधिवक्ता संघ द्वारा सोमवार को 3 बजे थाना मुरार टीआई सुरेश तिवारी का पुतला जलाने के साथ ही जिला न्यायालय के बाहर चक्काजाम कर दिया। करीब दो घण्टे तक हाईकोर्ट चौराहे पर वकीलों द्वारा चक्काजाम किया गया। चक्काजाम के कारण चारों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई और इसमें स्कूलों की बस भी फंस गईं और बच्चे परेशान हो रहे थे, तब कुछ अधिवक्ताओं ने विवेक से काम लेते हुए स्कूल बसों को चक्काजाम के बीच में से निकलवाया और बच्चों को उनके घर की ओर रवाना करवाया।
संध के उपाध्यक्ष अंकित वशिष्ठ ने बताया कि शुक्रवार को अधिवक्ता संदीप शर्मा की बोलेरो गाड़ी को कुछ असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया था और कार में रखे पैसे निकाल ले गए थे।
इसकी शिकायत दर्ज कराने के लिये अधिवक्ता संदीप शर्मा थाना मुरार पहुंचे तो टीआई सुदेश तिवारी ने कार्रवाई नहीं की, बल्कि धमकी दी कि अगर शिकायत वापस नहीं ली तो उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया जायेगा। इसकी सूचना अधिवक्ता संदीप ने युवा अभिभाषक संघ के उपाध्यक्ष को दी। इसके बाद संघ की बैठक रविवार को आयोजित की गई, जिसमें टीआई सुदेश तिवारी का पुतला जलाने का व चक्काजाम करने का निर्णय लिया गया। बैठक में अशोक यादव, अमित भदौरिया, संजय अग्रवाल, संजय कुशवाह, विजय सिंह राणा, राहुल तिवारी, अमृत यादव, पवन शर्मा, राजेश बोहरे, एसके मिश्रा, बिजेन्द्र यादव, विकास शर्मा उपस्थित थे।