खुशियों की दास्तां : दूर हुई दारा सिंह की चिंता

ग्वालियर। अपने गाँव में दारा सिंह एक मेहनतकश किसान के रूप जाने जाते हैं। खेतीबाड़ी में वे साल भर मेहनत करते तो उसका फल भी खूब मिलता। उनके परिवार की गाड़ी बड़े आराम से चल रही थी। मगर पिछले दो - तीन साल से फसल उतनी अच्छी नहीं हो रही थी, जिससे दारा सिंह खेती के लिये सहकारी बैंक से लिया गया कर्जा नहीं पटा पा रहे थे।

          ग्वालियर जिले के ग्राम बरई निवासी कृषक दारा सिंह बताते हैं ‍कि बैंक का कर्जा डेढ़ लाख रूपए तक पहुँच गया। इसे चुकता करने की चिंता मुझे दिन - रात खाए जा रही थी। वे कहते हैं कि नई सरकार क्या बनी, हमारी तो सारी चिंताएं ही दूर हो गईं। मुख्यमंत्री ने फसल ऋण माफी की घोषणा कर हम जैसे किसानों को बचा लिया।

          दारा सिंह अपने भाईयों के साथ मिलजुलकर खेती किसानी का काम करते हैं। उनके एक भाई लाखन सिंह का निधन हो चुका है। भाई के बच्चों के भरण-पोषण की जिम्मेदारी दारा सिंह व उनके दूसरे भाई बेताल सिंह पर है। दारा सिंह का कहना है कि यदि सरकार फसल ऋण माफी की घोषणा नहीं करती तो इस साल की रबी फसल के लिये खाद-बीज का इंतजाम करना हमारे लिये मुश्किल हो जाता। ऋण माफी की खबर सुनकर ही हमने अपनी थोड़ी सी बचत से खाद-बीज खरीद लिया है, जरूरत पड़ी तो सहकारी संस्था से खाद ले लेंगे।

          मुख्यमंत्री फसल ऋण माफी योजना पर अमल करने की जानकारी जैसे ही बरई गाँव के लोगों को पता चली तो उन्होंने एक साथ बैठकर अपनी खुशियां बाटीं। वहाँ के एक कृषक रामेश्वर का कहना था कि सरकार ने एक काम बहुत अच्छा किया है कि जिन किसानों द्वारा कृषि ऋण जमा कर दिया गया है, उन्हें भी योजना का लाभ दिया जायेगा। साथ ही ऐसे किसानों को सम्मान पत्र भी मिलेंगे।

हितेन्द्र सिंह भदौरिया, लेखक, जनसम्पर्क अधिकारी