पेंशन बंद होने का मामला गरमाया, 10 को मीसाबंदी बच्चों के साथ करेंगे विरोध प्रदर्शन, देंगे संभागीय कार्यालय पर धरना

ग्वालियर। प्रदेश में लोकतंत्र सेनानियों ( मीसाबंदियों ) को मिलने वाली सम्मान निधि (पेंशन) पर लगाई गयी अस्थाई रोक के बाद मीसाबंदी यूनियन ने अपनी रणनीति तैयार कर ली है। मीसाबंदी आगामी 10 जनवरी को संभागीय मुख्यालयों पर अपने बच्चों के साथ धरना देंगे। इसी को लेकर रविवार को प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन विटवेकर की अध्यक्षता में हुई कोर कमेटी की बैठक में मीसाबंदियों ने कमलनाथ सरकार के फैसले पर सवाल उठाये हैं। लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव मदन बाथम ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि हमारा संगठन लोकतंत्र प्रेमी है और हमने लोकतंत्र की रक्षा के लिये ही यातना सही है। उन्होंने मीसाबंदियों की पेंशन बंद होने आने वाली समस्याओं का जिक्र करते हुए बताया कि कई बुजुर्ग ऐसे है, जिनका जीवन यापन पेंशन के बूते ही हो रहा है। लोकतंत्र सेनानी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन विटवेकर ने कहा कि कमलनाथ सरकार के फैसले के खिलाफ मीसाबन्दी संड़क पर उतरेंगे। इसी तारतम्य में आगामी 10 जनवरी को संभागीय मुख्यालयों पर मीसाबंदी अपने नाती, पोतों और बच्चों के साथ धरना देंगे, साथ ही कलेक्टर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। इस अवसर पर के पी सिंह, गुलशन गोगिया, एडवोकेट ज्ञानप्रकाश गर्ग, नवलकिशोर मिश्रा आदि मौजूद थे।