जानिए किसने कहा .. पहले भाजपा सरकार को हटाया अब कांग्रेस की बारी
ग्वालियर। पिछले वर्ष 2 अप्रैल को भारत बंद के दौरान हुई जातीय हिंसा में दर्ज मामले वापस लेने की मुख्य मंत्री कमलनाथ की घोषणा के बाद आरक्षण विरोधियों में आक्रोश है। गुरुवार को नाराज आरक्षण विरोधियों ने फूलबाग चौराहे पर मुख्यमंत्री का पुतला जलाने का असफल प्रयास किया। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी ले लिया है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के दौरान गुरुवार की शाम आरक्षण विरोधी संगठनों के कार्यकर्ता मुख्यमंत्री कमलनाथ का पुतला जलाने पहुचे। इससे पहले आरक्षण विरोधियों के मुख्यमंत्री का पुतला जलाने की भनक पुलिस को लग गई। बड़ी तादात में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। यहां प्रदर्शनकारियों ने जमकर सरकार विरोधी नारेबाजी की, मुख्यमंत्री कमलनाथ का पुतला जलाने का प्रयास किया। लिहाजा पुलिस ने पुतला छीन लिया। प्रदर्शनकारी कार्यक्रम को असफल होते देख फूलबाग गुरुद्वारे पहुंच गए, पुतला जलाने की कोशिश कर रहे थे। तभी पुलिस भी पहुच गई। तीखी नोकझोंक के बीच पुलिस ने न सिर्फ पुतला जलाने नहीं दिया, बल्कि दो कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। यहां बता दें आरक्षण विरोधी उन दलितों पर दर्ज मामले वापस लेने का विरोध कर रहे हैं। जिन पर 2 अप्रैल की घटना में हिंसा फैलाने का आरोप है। हालांकि प्रदेश सरकार ने यह साफ नहीं किया है कि किन-किन लोगों से यह मामले वापस लिए जाएंगे। सपाक्स नेता राजा चौहान का आरोप है कि सवर्ण समाज के खिलाफ मामले वापस नहीं लिए जा रहे हैं। बल्कि एक वर्ग विशेष को खुश करने के लिए यह मामले वापस लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा है कि जिस तरह आरक्षण विरोधियों ने भाजपा सरकार को हटाया है। इसी तरह तरह से कमलनाथ सरकार को भी खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपने निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की है। इस बारे में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतेंद्र सिंह तोमर का कहना है कुछ लोग किसी का पुतला जलाने का प्रयास कर रहे थे, उनसे पुतला छीन लिया गया है।