शासकीय पटेल स्कूल को बनाया जाएगा उत्कृष्ट विद्यालय : मंत्री श्री तोमर

ग्वालियर। शासकीय पटेल उ.मा.वि. को उत्कृष्ट विद्यालय बनाया जायेगा। विद्यालय में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ बेहतर शिक्षा की व्यवस्थायें सुनिश्चित की जायेंगीं। स्कूल के सभी क्लास रूमों में सीसीटीव्ही कैमरे लगाए जायेंगे, ताकि अभिभावक अपने घर पर भी देख सकें कि उनके नौनिहाल स्कूल में कैसा पढ़ रहे हैं। इसके साथ ही स्कूल में स्मार्ट क्लासरूम भी बनाए जायेंगे। प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने यह बात गुरूवार को पटेल स्कूल में आयोजित शिक्षक पालक संघ की बैठक के संबंध में आयोजित कार्यक्रम में कही। कार्यक्रम में नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष श्री कृष्ण राव दीक्षित, संयुक्त संचालक शिक्षा श्री रविन्द्र सिंह, उपसंचालक श्री विकास जोशी, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती ममता चतुर्वेदी, डीपीसी श्री विजय दीक्षित, संस्था के प्राचार्य श्री सुरेश गुप्ता, पालक शिक्षक संघ के पदाधिकारी सहित जनप्रतिनिधि और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। प्रदेश के खाद्य मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कार्यक्रम में पटेल स्कूल में 4 कमरो के निर्माण तथा फर्नीचर उपलब्ध कराने की घोषणा की। इसके साथ ही स्कूल में शौचालय, पेयजल, बाउण्ड्रीवॉल एवं अन्य विकास कार्यों के निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार करने को कहा, ताकि नगर निगम के माध्यम से उक्त कार्य कराए जा सकें। उन्होंने यह भी कहा कि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत पटेल स्कूल में स्मार्ट क्लासरूम का निर्माण भी कराया जायेगा। खाद्य मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शिक्षकों से कहा कि शासकीय स्कूलों में बेहतर शिक्षा का माहौल हो, इसके लिये शिक्षकों को विशेष प्रयास करने की जरूरत है। शिक्षक अपने दायित्वों का अच्छे से पालन करें, ताकि शासकीय स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे भी अपने माँ-बाप का नाम रोशन करें और लोग अपने बच्चों को शासकीय स्कूल में भेजें। उन्होंने यह भी कहा ‍िक स्कूल के सुधार पर समाज के लोगों का भी सहयोग लिया जाना चाहिए। शिक्षा की बेहतरी के लिये अनेक दानदाता आगे आ सकते हैं। कार्यक्रम में ही लोगों द्वारा 78 हजार रूपए देने की घोषणा की। श्री तोमर ने सभी दानदाताओं को मंच पर बुलाकर उनका सम्मान किया। इसके साथ ही सभी दानदाताओं की एक नाम पट्टिका तैयार कर स्कूल में लगाने के निर्देश भी दिए। खाद्य मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि ग्वालियर के सभी शासकीय स्कूलों का मैं भ्रमण करूँगा और इन स्कूलों की व्यवस्थाओं को और बेहतर करने के प्रयास किए जायेंगे। इसके लिये शासन स्तर से जो भी आवश्यकता होगी, उसे पूरा कराया जायेगा। उन्होंने पालक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों से भी आग्रह किया कि वे नियमित स्कूल में आकर बैठकें करें और स्कूल में और कैसे सुधार किया जा सकता है, इस पर कार्य करें। प्रशासन और शासन की ओर से स्कूलों की बेहतरी के लिये हर संभव सहयोग दिलाया जायेगा। कार्यक्रम में नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष श्री कृष्ण राव दीक्षित ने कहा कि शासकीय पटेल स्कूल बहुत ही पुराना स्कूल है। इस स्कूल में सुधार के अनेक कार्य की आवश्यकता है। संस्था के प्राचार्य सभी कार्यों के लिये एक प्रस्ताव तैयार करें। उन्होंने कहा कि नगर निगम की ओर से शिक्षा उपकर की राशि से स्कूल में विकास के कार्य कराए जाएं। इसके लिये वे प्रयास करेंगे और उनके प्रस्ताव पर कार्य करायेंगे। कार्यक्रम के प्रारंभ में संस्था के प्राचार्य श्री सुरेश गुप्ता ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने स्कूल की विभिन्न आवश्यकताओं के संबंध में भी अपनी बात कही। उन्होंने कहा कि स्कूल में अतिरिक्त कक्ष, फर्नीचर, कम्प्यूटर, प्रयोगशाला एवं शाला की बाउण्ड्रीवॉल निर्माण का कार्य आवश्यक है। इसके लिये शासन स्तर से सहयोग उपेक्षित है। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती ममता चतुर्वेदी ने कहा कि शासकीय पटेल स्कूल में पालक शिक्षक संघों की नियमित बैठकें आयोजित हो रही हैं। इसके साथ ही शिक्षकों द्वारा भी बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। शासकीय स्कूलों में सुधार के लिये प्राचार्य द्वारा बताई गईं आवश्यकताओं की पूर्ति जरूरी है। कार्यक्रम में संयुक्त संचालक शिक्षा श्री रविन्द्र दीक्षित ने भी अपने विचार रखे। उन्होने कहा कि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने जिले के शासकीय स्कूलों के संबंध में पूर्व में अधिकारियों के साथ बैठक कर अपना दृष्टिकोंण बताया है। जिले के शासकीय स्कूलों को और बेहतर बनाने की दिशा में उनकी सोच के अनुसार कार्य किया जायेगा। स्कूल के विकास हेतु इन्होंने दी राशि कार्यक्रम में शाला विकास के लिये इन लोगों द्वारा धनराशि देने की घोषणा की गई। इनमें श्री पप्पू अग्रवाल द्वारा 51 हजार रूपए, श्री बृजेन्द्र सिंह द्वारा 11 हजार रूपए, श्री राम प्रजापति द्वारा 5 हजार रूपए तथा श्री सूरज सिंह परमार द्वारा 11 हजार रूपए की धनराशि देने की घोषणा की गई। सभी दानदाताओं का श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने स्टेज पर बुलाकर सम्मान किया। मंत्री श्री तोमर ने शिक्षक-शिक्षिकाओं और पालक शिक्षक संघ के लोगों का किया सम्मान शासकीय पटेल उमावि में आयोजित पालक शिक्षक संघ के कार्यक्रम में मंच पर स्वयं का स्वागत न कराते हुए प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि शिक्षा के मंदिर में शिक्षक का ही सम्मान होना चाहिए। उन्होंने संस्था के सभी शिक्षक शिक्षिकाओं को मंच पर बुलाया और माला पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने पालक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों का भी मंच पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पालक शिक्षक संघ के सभी लोग मिलकर संस्था में शिक्षा का बेहतर माहौल बनाएं।