बेटियों को बचाने निकाली गई जागरूकता रैली
ग्वालियर। बेटियों के बीच होने वाले भेदभाव को दूर करने के लिए हम सभी को मिलकर पहल करनी होगी और बेटियों को बचाने के लिए आगे आते हुए जागरुकता अभियान को गति देनी होगी। बेटियां आज आगे बढ़ें और हर क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल करें। इसके लिये समाज के सभी लोगों को मिलकर जागरुकता अभियान चलाना होगा। यह बात आज सुबह डाक्टरों द्वारा निकाले गए पैदल मार्च को संबोधित करते हुए गोग्स की अध्यक्ष डॉ. कुसुमलता सिंघल ने कही।
महिलाओं को सशक्त बनाने और बेटियों को बचाने और कन्या भ्रूण हत्या जैसे पाप रोकने और जागरूक करने के लिये आज बुधवार की सुबह जयारोग्य अस्पताल परिसर से डॉक्टरों द्वारा गोग्स के तत्वावधान में पैदल मार्च निकाला गया। इस पैदल मार्च का शुभारंभ पुलिस कप्तान नवनीत भसीन, जीआरएमसी के डीन डॉ. भरत जैन, अस्पताल अधीक्षक डॉ. अशोक मिश्रा ने किया। डॉक्टर बेटियों को बचाने और कन्या भ्रूण हत्या को रोकने का संदेश देते हुए सर्द हवाओं के बीच पैदल मार्च निकालकर लोगों को जागरुक कर रहे थे। यह पैदल मार्च जयारोग्य अस्पताल परिसर से शुरू होकर थीम रोड, कटोराताल होता हुआ जीवाजी क्लब पहुंचा जहां सभी डाक्टरों ने शपथ ली। इस मौके पर नर्सिंग होम एसोसिएशन, आईएए, भारतीय स्वास्थ्य संस्थान सहित कई सामाजिक संस्थान भी मौजूद थीं। इस पैदल मार्च में डॉ. रविशंकर डालमिया, डॉ. अजय उपाध्याय, डॉ. ज्योति उपाध्याय, डॉ. वीरा लोहिया, डॉ.नीरज कौल, डॉ. वीना अग्रवाल, डॉ. ओएन कोल, डॉ. रत्ना कोल, डॉ. राहुल सप्रा, डॉ. कला जाजू, डॉ. जयवीर भारद्वाज, डॉ. करकरे शामिल थे। गोग्स की अध्यक्ष डॉ. कुसुमलता सिंघल व डॉ. वीरा लोहिया ने बताया कि गोग्स द्वारा पूरे भारत वर्ष में एक साथ एक ही समय पर इस तरह की जागरुकता रैलियां निकाली गई हैं जो 140 जगह से निकली हैं। इसका रिकॉर्ड गिनीज बुक में भी दर्ज किया जाएगा। इस रैली में 200 से ज्यादा डॉक्टर शामिल हुए जिन्होंने कन्या भ्रूण हत्या न करने और महिला सशक्तिकरण को बढा़वा देने की शपथ ली। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस कप्तान नवनीत भसीन ने कहा कि डॉक्टर और पुलिस का काम पीडि़त मानव की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि परेशानी होने पर ही पीडि़त पुलिस या डाक्टर के पास जाता है। वैसे वह अस्पताल या थाने में जाने की सोचत भी नहीं है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों द्वारा महिलाओं को सशक्त बनाने और बेटियों को बचाने जो पहल की जा रही है वह सराहनीय है। उन्होंने यह भी कहा कि अब लोगों की धारणा बदली है और वह बेटियों को आगे बढ़ा रहे हैं। पुलिस कप्तान ने पुलिस लाइन में शिविर लगाने के लिए भी कहा।